
सूरत, 1 जून। सूरत टेक्सटाइल मार्केट (एसटीएम) के वर्ष 2026-31 कार्यकाल के चुनाव से जुड़ी चुनाव समिति में बदलाव किया गया है। चुनाव अधिकारी गुरूमुख कुंगवानी ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा मुख्य चुनाव अधिकारी को सौंप दिया है। इसके बाद मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक जैन और मार्केट अध्यक्ष की सहमति से अनिल कुमार अग्रवाल को नया चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि एसटीएम के 20 निर्वाचित सदस्यों के लिए मतदान 18 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक एसटीएम बोर्ड रूम में कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी अब मुख्य चुनाव अधिकारी अशोक जैन, महेन्द्र पाल खुराना और नव नियुक्त चुनाव अधिकारी अनिल कुमार अग्रवाल करेंगे।
नामांकन पत्रों का वितरण 29 और 30 जून को होगा, जबकि नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 2 जुलाई निर्धारित की गई है। अंतिम मतदाता सूची 17 जून को जारी होगी और उसी दिन से चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो जाएगी।
एसटीएम चुनाव को लेकर कपड़ा बाजार में गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न संभावित पैनलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।




