वराछा बैंक लूट केस: टेक्नोलॉजी की मदद से फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार

सूरत। सूरत के वराछा इलाके में स्थित एसबीआई बैंक में हुई 50 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। ज़ोन-1 एलसीबी पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से फरार आरोपी रोहित कुमार रूपेश सिंह राठौड़ (28) को गिरफ्तार कर लिया है। वह मूल रूप से मुजफ्फरपुर का रहने वाला है।
डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि 27 अप्रैल 2026 को वराछा थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई बैंक में 50 लाख रुपये की लूट हुई थी। जांच में सामने आया कि इस वारदात का मुख्य साजिशकर्ता एलेक्स उर्फ अखिलेश कुमार गांधी था। उसने रोहित से संपर्क कर उसे बताया था कि सूरत में एक “बड़ा काम” करना है, जिसमें शामिल होने पर अच्छी रकम मिलेगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आपस में बातचीत के लिए सिग्नल ऐप का इस्तेमाल करते थे और “ऑथराइज्ड” व “लाइसेंस्ड” नंबरों के जरिए संपर्क बनाए रखते थे, ताकि उनकी गतिविधियों का आसानी से पता न चल सके।
एलेक्स के कहने पर रोहित को बिहार से भरूच बुलाया गया था। इस मामले के एक अन्य आरोपी प्रिंस के साथ वह भरूच पहुंचा और दोनों ने तीन दिनों तक इलाके की रेकी तथा लूट की योजना बनाने का काम किया। इस दौरान रोहित अपने पिता के पास भी रुका, जो हजीरा की एक कंपनी में काम करते हैं।
जांच में पता चला कि लूट के बाद आरोपियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की जिम्मेदारी रोहित को दी गई थी। बैंक लूट के बाद एलेक्स और उसके साथी भरूच पहुंचे, जहां से रोहित उन्हें लेकर अहमदाबाद गया। इसके बाद सभी निजी ट्रैवल्स बस के जरिए जयपुर और फिर दिल्ली पहुंचे।
यात्रा के दौरान एलेक्स ने रोहित को बैंक से लूटी गई नकदी से भरा बैग दिखाते हुए बताया कि उनका मकसद बैंक के लॉकर तोड़ना था, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके और केवल नकदी ही लेकर भाग पाए। उसने रोहित को तत्काल 1.30 लाख रुपये दिए और बाकी हिस्सेदारी बाद में देने का वादा किया।
पुलिस के मुताबिक, सिग्नल ऐप के जरिए मिले एक बैंक खाते में रोहित ने इस रकम में से 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए, जिन्हें बाद में क्राइम ब्रांच ने शुभम नामक आरोपी से बरामद कर लिया। बाकी 40 हजार रुपये रोहित के पास थे, जिनमें से उसने करीब 15 हजार रुपये खर्च कर दिए। पुलिस ने उसके पास से 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी रोहित से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है। इस हाई-प्रोफाइल बैंक लूट कांड में अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।




