businessTextileक्राइमसूरत सिटी

न्यू टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारी से 16.96 लाख रुपये की ठगी, तेलंगाना का व्यापारी गिरफ्तार

लेडीज सूट का माल खरीदकर नहीं किया भुगतान, उधारी मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

सूरत। रिंग रोड स्थित न्यू टेक्सटाइल मार्केट के एक व्यापारी के साथ 16.96 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। लेडीज सूट का माल खरीदने के बाद भुगतान नहीं करने और उधारी मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सलाबतपुरा पुलिस ने तेलंगाना के एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लिम्बायत स्थित रुस्तम पार्क सोसायटी निवासी अज़हर फारूक शेख रिंग रोड स्थित न्यू टेक्सटाइल मार्केट की दुकान नंबर ई-586 में “सोनेरी क्रिएशन” नाम से लेडीज सूट का व्यापार करते हैं। तेलंगाना की “सेफ्रोन डिज़ाइन” फर्म के संचालक मोहम्मद गौस मोहम्मद अकबर खान ने दलाल सरफराज नागानी के माध्यम से 21 अगस्त 2024 से 23 अगस्त 2024 के बीच लेडीज सूट का माल खरीदा था।
माल की खरीद के बाद आरोपी ने 16,96,874 रुपये का बकाया भुगतान नहीं किया। व्यापारी अज़हर शेख द्वारा उधारी की रकम मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए भुगतान से हाथ खड़े कर दिए।
इस संबंध में अज़हर शेख ने 16 फरवरी 2026 को सलाबतपुरा पुलिस थाने में तेलंगाना निवासी व्यापारी मोहम्मद गौस खान तथा दलाल सरफराज नागानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4), 351(3), 352 एवं 54 के तहत मामला दर्ज कराया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस उपनिरीक्षक बी.सी. जोशी ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद गौस उर्फ यासिर मोहम्मद अकबर खान (43) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में नालासोपारा (मुंबई) में रह रहा था, जबकि उसका मूल निवास हैदराबाद, तेलंगाना का बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button