businessTextileक्राइमसूरत सिटी

चाइनीज शिपिंग एजेंट कृणाल भोजक ने एक और व्यापारी को लगाया 7 लाख का चूना

फेसबुक पर विज्ञापन देखकर डबगरवाड़ के व्यापारी ने डस्टबिन मंगाने के लिए दिए थे रुपए

सूरत : फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चीन से सीधे माल मंगवाने का लालच देकर ठगी करने वाले उमरवाड़ा स्थित राधे इम्पेक्स के संचालक कृणाल भोजक के खिलाफ एक और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस बार डबगरवाड़ा के एक व्यापारी से डस्टबिन मंगाने के नाम पर 7.15 लाख रुपये की ठगी की गई।

पुलिस के अनुसार, सरथाणा जकातनाका स्थित व्रज वाटिका रेसिडेंसी निवासी दीप पंड्या अपने साझेदार के साथ डबगरवाड़ा में MNP इंटरनेशनल नाम से हाउसवेयर और किचनवेयर वस्तुओं का थोक कारोबार करते हैं। वर्ष 2021 और 2025 में दोनों साझेदार चीन गए थे, जहां उन्हें झा कंपनी के डस्टबिन पसंद आए थे। भारत में वही माल मंगाने के लिए वे किसी शिपिंग एजेंट की तलाश कर रहे थे।

इसी दौरान उन्होंने फेसबुक पर राधे इम्पेक्स का विज्ञापन देखा, जिसमें कृणाल भोजक खुद को चाइनीज शिपिंग एजेंट बताकर सीधे चीन से माल मंगाने का दावा कर रहा था। व्यापारी उसकी उमरवाड़ा स्थित अवध टेक्सटाइल मार्केट की सातवीं मंजिल पर मौजूद ऑफिस पहुंचे, जहां कृणाल ने पूरा माल मंगाने तथा चीनी व्यापारियों को RMB मुद्रा में भुगतान करने का भरोसा दिया।

आरोप है कि कृणाल भोजक ने अलग-अलग किश्तों में कुल 8.86 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में उसने माल पोर्ट पर फंसने का बहाना बनाकर 1.71 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष 7.15 लाख रुपये लौटाने से पहले ही ऑफिस बंद कर फरार हो गया।

गौरतलब है कि 5 मई को भी कृणाल भोजक के खिलाफ पासोदरा पाटिया स्थित नवकार एवेन्यू निवासी संदीप बाबू गोधाणी ने 18.43 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उस मामले में भी चीन से टेक्सटाइल माल मंगाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस का कहना है कि कृणाल भोजक के खिलाफ अभी और भी मामले दर्ज हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button