
सूरत।रिंग रोड स्थित एनटीएम( न्यू टेक्सटाईल मार्केट) के व्यापारी से फैंसी ड्रेस मटेरियल का माल खरीद कर पेमेंट चुकाए बिना ऑफ़िस बन्द कर व्यापारी के साथ बड़ी धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है।
सूरत के न्यू टेक्सटाइल मार्केट ( एनटीएम)में “गौरव फैशन” नाम से व्यापार करने वाले मयूरभाई राजुभाई सुखराणी ने चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है,जिसमें राजस्थान के दो व्यापारियों तथा सूरत के दो कपड़ा दलालों ने मिलकर करीब 18.29 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सलाबतपुरा पुलिस थाने में दर्ज हुआ है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सलाबतपुरा पुलिस सूत्रों के अनुसार मयूरभाई सुखरानी रिंग रोड, सहारा दरवाजा स्थित न्यू टेक्सटाइल मार्केट में दुकान नंबर सी-139 में “गौरव फैशन” नाम से फैंसी ड्रेस मटेरियल का कारोबार करते हैं। वर्ष 2025 के दौरान जापान मार्केट में “शिव टेक्सटाइल एजेंसी” चलाने वाले कपड़ा दलाल किसन भाई और भूमराज भाई उनकी दुकान पर आए थे। दोनों ने खुद को प्रतिष्ठित और भरोसेमंद कपड़ा दलाल बताते हुए कहा था कि उनके संपर्क में राजस्थान समेत बाहर के राज्यों के कई बड़े व्यापारी हैं, जो समय पर भुगतान करते हैं। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि यदि गौरव फैशन उनके माध्यम से व्यापार करेगा तो अच्छा आर्थिक लाभ मिलेगा और माल के भुगतान की पूरी जिम्मेदारी भी वे खुद लेंगे। उनकी बातों में आकर व्यापारी ने उनके साथ कारोबार शुरू कर दिया।
शुरुआत में दोनों दलाल व्यापारियों के लिए छोटे ऑर्डर लाए और उनका भुगतान समय पर करवाकर व्यापारी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उन्होंने मेन बाजार गणपति चौक मावली उदयपुर (राज.) के व्यापारी मुकेशकुमार की “लविश एंटरप्राइज” फर्म के नाम से दिनांक 13 अक्टूबर 2025 से 13 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग बिलों के जरिए लगभग 9.44 लाख रुपये का फैंसी ड्रेस मटेरियल भिजवाया। माल प्राप्त करने के बाद आरोपियों ने केवल 25 हजार रुपये का भुगतान किया और बाकी 9,19,134 रुपये नहीं चुकाए।
इसी तरह दलालों के आर्डर अनुसार मेन मार्केट कांकरोली उदयपुर निवासी व्यापारी शेखर शर्मा की “गणपति एंटरप्राइज” फर्म के नाम से दिनांक 29 अगस्त 2025 से 19 नवंबर 2025 के बीच करीब 10,86,680 लाख रुपये का फैंसी ड्रेस मटेरियल अलग-अलग बिलों के माध्यम से भेजा। इस माल के एवज में केवल 1,26,210 लाख रुपये का भुगतान किया,जबकि बकाया रहे 9,60,473 रुपये नही चुकाए।
व्यापारी द्वारा जब बकाया रकम की मांग की गई तो आरोपी लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर समय निकालते रहे। बाद में कपड़ा दलाल किशनभाई और भुमराजभाई के मोबाइल फोन बंद आने लगे। संदेह होने पर व्यापारी जब जापान मार्केट स्थित उनकी एजेंसी पर पहुंचे तो ऑफिस बंद मिला और दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। इसके बाद व्यापारी को एहसास हुआ कि उनके साथ सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई है।
चारों आरोपियों ने पहले विश्वास जीतकर व्यापार कराया, फिर बड़ी मात्रा में माल मंगवाकर भुगतान नहीं किया और फरार हो गए। इस मामले में सलाबतपुरा पुलिस ने राजस्थान के दो व्यापारियो तथा सूरत के दो दलालों के खिलाफ कुल 18,29,607 रुपये की ठगी का मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू की है।
मामले की जांच पीएसआई एस. आई. मकरानी कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ-साथ व्यापारिक दस्तावेज, बिल और लेन-देन की जांच में जुटी हुई है


