Uncategorized

सूरत में गुजरात गौरव दिवस–2026 पर ऐतिहासिक पुलिस परेड, देशभक्ति से गूंजा शहर

वॉय जंक्शन से लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम तक 750 से अधिक जवानों की भव्य परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

सूरत। गुजरात गौरव दिवस (1 मई 2026) के अवसर पर सूरत में राज्यस्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के Y जंक्शन से लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम तक ऐतिहासिक पुलिस परेड निकाली गई, जिसे आचार्य देवव्रत ने सलामी देकर प्रस्थान कराया। कार्यक्रम में भूपेंद्र पटेल, हर्ष संघवी तथा केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस भव्य परेड में गुजरात पुलिस की 18 प्लाटून के 750 से अधिक जवानों ने भाग लिया। अनुशासन, साहस और शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए जवानों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। परेड का नेतृत्व आईपीएस अधिकारी डॉ. नवीन चक्रवर्ती ने किया। इस दौरान “वंदे मातरम्” का सामूहिक गान किया गया, जिससे वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।


कार्यक्रम की खास आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत विकास झांकियां (टेबलो) रहीं, जिन्होंने गुजरात की प्रगति और उपलब्धियों को दर्शाया। साथ ही पुलिस जवानों के रोमांचक मोटरसाइकिल स्टंट ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विश्व प्रसिद्ध गरबा और गुजरात की आदिवासी संस्कृति को दर्शाते नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर भाविन शास्त्री और उनकी टीम ने देशभक्ति और गुजराती गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिससे पूरा माहौल “जय जय गरवी गुजरात” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
इस भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में सूरतवासी उमड़े और तालियों की गड़गड़ाहट से पुलिस जवानों और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह परेड शहरवासियों के लिए एक यादगार अनुभव बन गई।
इस अवसर पर राज्य के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button