सूरत स्टेशन पुनर्विकास के चलते रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें अब उधना तक ही सीमित
प्लेटफॉर्म 2, 3 और 4 पर रूफ लॉन्चिंग कार्य के कारण 15 मई तक बदलाव

सूरत। सूरत रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के चलते रेल सेवाओं में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ ट्रेनों के संचालन में परिवर्तन किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2, 3 और 4 के बीच रूफ लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य 15 मई 2026 तक जारी रहेगा। इसी कारण कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी जानकारी के अनुसार—
ट्रेन संख्या 12935 बांद्रा टर्मिनस–सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस 29 अप्रैल से 15 मई तक सूरत के बजाय उधना रेलवे स्टेशन तक ही जाएगी। यानी उधना और सूरत के बीच यह सेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
ट्रेन संख्या 20925 सूरत–अमरावती सुपरफास्ट एक्सप्रेस 30 अप्रैल से 15 मई तक सूरत के स्थान पर उधना स्टेशन से ही प्रस्थान करेगी।
इसी प्रकार, 1 मई से 15 मई के बीच अमरावती से आने वाली ट्रेन संख्या 20926 अमरावती–सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी उधना स्टेशन पर ही समाप्त होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।




