businessTAMILNDUसूरत सिटी

फोस्टा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में चुनाव नियमावली तय, सदस्यता व मेंटेनन्स शुल्क पर बने प्रावधान

आगामी चुनाव की तैयारी तेज, जल्द घोषित होगी चुनाव तिथि व चुनाव अधिकारी

सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की महत्वपूर्ण बैठक 22 अप्रैल 2026 को सायं 5 बजे फोस्टा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सभी डायरेक्टरों की सर्वसम्मति से आगामी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने हेतु विस्तृत नियमावली को अंतिम रूप दिया गया तथा सदस्यता, मेंटेनन्स शुल्क एवं पात्रता संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन व्यापारी सदस्यों का सदस्यता शुल्क का चेक 30 अप्रैल 2026 तक फोस्टा कार्यालय में प्राप्त हो जाएगा, केवल वही सदस्य आगामी चुनाव में प्रत्याशी बनने तथा मतदान करने के पात्र होंगे। 30 अप्रैल के बाद प्राप्त सदस्यता चेक मान्य तो रहेंगे, लेकिन संबंधित सदस्य इस वर्ष की चुनाव प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे। फोस्टा द्वारा सदस्यता को प्लेटिनम, डायमंड और गोल्ड तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक मार्केट से प्रत्येक श्रेणी में केवल एक ही प्रत्याशी चुनाव लड़ सकेगा, जबकि मतदान का अधिकार सभी पात्र सदस्यों को रहेगा।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मार्केट्स की मेंटेनन्स फीस 30 अप्रैल 2026 तक फोस्टा कार्यालय में जमा होगी, उन्हीं मार्केट्स के सदस्य चुनाव में प्रत्याशी बनने के पात्र माने जाएंगे। जिन मार्केट्स का मेंटेनन्स शुल्क बकाया रहेगा, उनके सदस्य केवल मतदान कर सकेंगे, लेकिन चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। वहीं ऐसे व्यापारी जो किसी मार्केट के बजाय सिंगल हाउस या अन्य क्षेत्र से व्यापार कर रहे हैं और फोस्टा की किसी भी श्रेणी के सदस्य हैं, उन्हें प्रत्याशी बनने के लिए एक वर्ष का मेंटेनन्स शुल्क 30 अप्रैल तक जमा कराना अनिवार्य किया गया है। अन्यथा उन्हें केवल मतदान का अधिकार रहेगा। फोस्टा द्वारा मेंटेनन्स व्यवस्था को भी तीन श्रेणियों—1 से 250 दुकान, 251 से 750 दुकान तथा 751 या उससे अधिक दुकानों—में वर्गीकृत किया गया है, जिसमें सिंगल हाउस मार्केट को ‘ए’ श्रेणी (1-250 दुकान) में रखा गया है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि फोस्टा सदस्यता जीएसटी नंबर के आधार पर प्रदान की गई है, इसलिए सदस्य जीएसटी में दर्ज पते के अनुसार ही संबंधित मार्केट से चुनाव लड़ने के पात्र होंगे। चुनाव अधिकारी की नियुक्ति तथा चुनाव तिथि सहित विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा शीघ्र किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। फोस्टा पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी चुनाव को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और जल्द ही चुनाव कार्यक्रम सार्वजनिक किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button