ऑनलाइन महंगे कपड़ों का झांसा देकर ठगी करने वाले दो व्यापारी गिरफ्तार
पवित्रावियर डॉट कॉम वेबसाइट बनाकर 22.86 लाख की ठगी, 4000 से अधिक लोगों को बनाया शिकार

सूरत। साइबर क्राइम सेल ने ऑनलाइन महंगे लेडीज़ वियर का झांसा देकर देशभर में ठगी करने वाले दो टेक्सटाइल व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पवित्रावियर डॉट कॉम नाम की वेबसाइट बनाकर आकर्षक और महंगे कपड़ों की तस्वीरें अपलोड करते थे, लेकिन ऑर्डर मिलने के बाद ग्राहकों को कम गुणवत्ता का माल भेजकर धोखाधड़ी करते थे।
पुलिस के अनुसार, सारोली स्थित कोहिनूर-2 टेक्सटाइल मार्केट की ऑफिस नंबर 1066-1071 में संचालित इस फर्जी कारोबार के बारे में साइबर क्राइम सेल को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर आरोपी टेक्सटाइल व्यापारी अंकित तुलशीभाई मनजीभाई अजुडिया (29, निवासी तुलशी दर्शन सोसायटी, योगीचौक, पुणागाम, मूल निवासी वजीर खाखरिया, कालावाड, जामनगर) और मोलिक निलेशभाई माधाभाई दुधागरा (25, निवासी संस्कार रो-हाउस, अब्रामा रोड, मोटा वराछा, मूल निवासी नंदपुर, जामनगर) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों की ऑफिस से 10 मोबाइल फोन, अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड, सीपीयू, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, चेकबुक समेत कुल 2.49 लाख रुपये का मुद्दामाल जब्त किया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों को कारोबार में नुकसान होने के कारण उन्होंने यह ठगी का नेटवर्क शुरू किया था।
आरोपी गुजरात के अलावा महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड और मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों के लोगों को टारगेट करते थे। वे ऑर्डर की पूरी रकम लेने के बाद केवल चौथाई कीमत का कम गुणवत्ता वाला सामान भेजते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने COD और प्रीपेड मिलाकर 3,762 ऑर्डर के जरिए 22,86,685 रुपये की ठगी की है, जबकि करीब 4,000 लोगों के इस गिरोह का शिकार बनने की आशंका है।
साइबर क्राइम सेल ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी



