
सूरत। द साउदर्न गुजरात चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा द साउदर्न गुजरात चेंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर द्वारा आयोजित सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो 2026 को शहरवासियों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला। रविवार को एक ही दिन में करीब 50 हजार से अधिक लोगों ने एक्सपो का दौरा किया, जिससे तीन दिनों में कुल मिलाकर 70 हजार से अधिक विजिटर्स दर्ज किए गए।
रविवार की सुबह से ही एक्सपो स्थल के पार्किंग क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें दिखाई देने लगी थीं और कुछ ही समय में पूरा पार्किंग क्षेत्र भर गया। शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ एक्सपो देखने पहुंचे। यहां आगंतुकों ने विभिन्न अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनियों के नवीनतम कार और टू-व्हीलर मॉडल, आधुनिक तकनीक और आकर्षक डिज़ाइन के बारे में जानकारी प्राप्त की।

एक्सपो में आयोजित स्टंट बाइक शो भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। स्टंट राइडर्स द्वारा किए गए रोमांचक करतबों को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। वहीं एक्सपो में बनाया गया प्रूविंग ग्राउंड भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहा, जहां उबड़-खाबड़ और गड्ढों वाले ट्रैक पर वाहनों की क्षमता और पावर का प्रदर्शन किया गया।
रविवार को सूरत नगर निगम के म्युनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन ने भी एक्सपो का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न कंपनियों के वाहनों का अवलोकन किया और प्रूविंग ग्राउंड में जीप की सवारी कर ट्रैक का अनुभव भी लिया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे एक्सपो शहर के ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक साबित होते हैं।

एक्सपो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कार और टू-व्हीलर के नए मॉडलों के बारे में जानकारी लेकर मौके पर ही स्पॉट बुकिंग भी कराई। इसके अलावा 1930 से पहले की दुर्लभ विंटेज कारों का प्रदर्शन भी लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा।
चेंबर के पदाधिकारियों ने बताया कि एक्सपो का अंतिम दिन सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा और उस दिन भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है।




