सूरत।राज्य के गृह विभाग द्वारा आज आईपीएस अधिकारियों के स्तर पर बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया। राज्यभर में कुल 37 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिसके चलते सूरत शहर पुलिस में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं। सूरत शहर से तीन अधिकारियों का तबादला किया गया है, जबकि कुछ नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। साथ ही सूरत पुलिस कमिश्नरेट में क्राइम ब्रांच के जॉइंट पुलिस कमिश्नर (JCP) के पद को डाउनग्रेड कर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ACP) का पद बनाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के गृह विभाग द्वारा लंबे समय से आईपीएस अधिकारियों के तबादले की प्रक्रिया चल रही थी। कुछ दिन पहले वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रखे गए कुछ अधिकारियों को अस्थायी रूप से चार्ज सौंपा गया था। आज जारी आदेश में उनमें से कई अधिकारियों को नई जगहों पर नियुक्ति दी गई है।
सूरत शहर पुलिस में विशेष पुलिस आयुक्त सेक्टर-1 के पद पर कार्यरत वाबांग जामीर का तबादला कर उन्हें प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में उन्हें नई पोस्टिंग दी जाएगी। उनकी जगह राज्यपाल के एडीसी के रूप में कार्यरत बलराम मीणा को सूरत सिटी के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सेक्टर-1 के पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सूरत शहर पुलिस के जॉइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) राघवेंद्र वत्स का तबादला कर उन्हें अहमदाबाद रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह सूरत सिटी पुलिस में इको सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यरत डॉ. करणराज वाघेला को नियुक्त किया गया है। हालांकि इस पद को डाउनग्रेड करते हुए जॉइंट पुलिस कमिश्नर की जगह अतिरिक्त पुलिस आयुक्त का पद कर दिया गया है।
सेक्टर-2 के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त खुमाानसिंह डामोर का तबादला कर उन्हें सीआईडी क्राइम गांधीनगर में डीआईजी के पद पर भेजा गया है। उनकी जगह राजकोट शहर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक एंड क्राइम) महेंद्र बगड़िया को सूरत सिटी में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सेक्टर-2 के रूप में नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा पिछले लगभग आठ महीनों से खाली पड़ी ट्रैफिक जॉइंट पुलिस कमिश्नर की पोस्ट पर भी नियुक्ति की गई है। पहले सूरत शहर में जोन-1 के डीसीपी रह चुके सज्जनसिंह परमार का तबादला कर उन्हें सूरत सिटी के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) के पद पर नियुक्त किया गया है।
इन तबादलों के कारण सूरत शहर पुलिस के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है।
तबादला किए गए अधिकारी
वाबांग जामीर – विशेष पुलिस आयुक्त सेक्टर-1, प्रतीक्षा सूची
खुमाानसिंह डामोर – सूरत से डीआईजी, सीआईडी क्राइम गांधीनगर
राघवेंद्र वत्स – जॉइंट पुलिस कमिश्नर क्राइम से आईजी, अहमदाबाद रेंज
नए नियुक्त अधिकारी
बलराम मीणा – राज्यपाल के एडीसी से सूरत सिटी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सेक्टर-1
महेंद्र बगड़िया – राजकोट सिटी से सूरत सिटी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सेक्टर-2
डॉ. करणराज वाघेला – इको सेल सूरत से अतिरिक्त पुलिस आयुक्त क्राइम (पोस्ट डाउनग्रेड)
सज्जनसिंह परमार – एसआरपी ग्रुप-15 के डीआईजी से सूरत सिटी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त




