businessTextileसूरत सिटी

सचिन GIDC क्षेत्र की जयराज इंडस्ट्री में भीषण आग

यार्न गोदाम में लगी आग विकराल बनी, मजदूर बाहर भागकर बचे

सूरत।सचिन जीआईडीसी क्षेत्र स्थित जयराज इंडस्ट्री में आज दोपहर अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इंडस्ट्री की चौथी मंजिल पर बने यार्न गोदाम में आग लगते ही ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आग ने देखते-देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे कामगारों और आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।
यूनिट में बड़ी मात्रा में यार्न का स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग लगते ही अंदर काम कर रहे श्रमिक जान बचाकर बाहर भागे और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
इस घटना में सौभाग्य से किसी भी श्रमिक या नागरिक के घायल होने या जान-माल की हानि की खबर नहीं है। हालांकि आग में यार्न का पूरा स्टॉक, वार्पिंग मशीनें, वायरिंग और दो वॉशिंग मशीन समेत कीमती सामान जलकर खाक हो गया, जिससे इंडस्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सचिन जीआईडीसी नोटिफाइड एरिया के फायर स्टेशन तथा कामरेज ईआरसी फायर स्टेशन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछारें कीं। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम में रखा पूरा यार्न स्टॉक जलकर नष्ट हो गया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
कामरेज फायर सब-ऑफिसर बिपिन खलासी के अनुसार, चौथी मंजिल के यार्न यूनिट में लगी आग पर काबू पाने के लिए जीआईडीसी और कामरेज फायर स्टेशन की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद दोबारा आग भड़कने से रोकने के लिए कूलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button