Uncategorized

विकासलक्षी केंद्रीय बजट 2026–27 पर फोस्टा का सेमिनार आयोजित

सूरत, 6 फरवरी 2026। फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) द्वारा केंद्रीय बजट 2026–27 के प्रावधानों पर कपड़ा व्यापारियों को विस्तृत जानकारी देने हेतु आज शाम 4 बजे फोस्टा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में एक्सपर्ट सीए पैनल से सीए राजेश भाऊवाला,सीए प्रग्नेश जगासेठ, सीए मुकेश काबरा, सीए रोहित पोरवाल तथा सीए राहुल अग्रवाल उपस्थित रहे और उन्होंने बजट से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में बीजेपी सूरत महानगर महामंत्री किशोर बिंदल और महामंत्री कालुभाई पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
फोस्टा के अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट 2026–27 टेक्सटाइल एवं एमएसएमई क्षेत्र के लिए विकासोन्मुखी है। उन्होंने बताया कि क्रेडिट सीमा में वृद्धि, निर्यात प्रोत्साहन, मेगा टेक्सटाइल पार्क तथा कौशल विकास पर विशेष जोर से उद्योग को नई गति मिलेगी और यह बजट आत्मनिर्भर भारत, रोजगार सृजन तथा निर्यात वृद्धि को मजबूती प्रदान करेगा। सीए मुकेश काबरा ने जानकारी दी कि टैक्स रेट में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है, लेकिन कम्प्लायंसेज़ को सरल बनाने के प्रयास किए गए हैं और संशोधित रिटर्न दाखिल करने की समयसीमा तीन माह बढ़ाई गई है। सीए प्रग्नेश जगासेठ ने बताया कि सरकार ने शेयर ट्रेडिंग पर लगने वाले सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में वृद्धि कर F&O ट्रेडिंग को नियंत्रित करने की दिशा में कदम उठाया है, वहीं आयकर असेसमेंट के बाद प्री-डिपॉजिट की अनिवार्यता 20 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है, जिससे व्यापारियों के वर्किंग कैपिटल पर दबाव कम होगा।
सीए राजेश भाऊवाला ने सुझाव दिया कि फोस्टा के माध्यम से यूरोप और अमेरिका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनों में सूरत के व्यापारियों के डेलिगेशन भेजे जाएँ, ताकि नए बाजार विकसित किए जा सकें। सीए रोहित पोरवाल ने बताया कि जीएसटी में दो महत्वपूर्ण सकारात्मक बदलाव किए गए हैं, जिसमें बिक्री के बाद दिए जाने वाले डिस्काउंट पर कॉन्ट्रैक्ट की अनिवार्यता हटाई गई है तथा रिफंड प्रावधानों में बदलाव कर सात दिन में मिलने वाले प्रोविजनल ड्यूटी रिफंड को भी शामिल किया गया है, जिससे व्यापारियों को राहत मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में सीए राहुल अग्रवाल ने बजट पर अपने विचार व्यक्त किए और उपस्थित सभी व्यापारियों तथा सीए पैनल का आभार व्यक्त करते हुए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। सेमिनार में फोस्टा डायरेक्टरों के साथ सूरत कपड़ा मार्केट के अध्यक्ष, सचिव तथा अनेक प्रतिष्ठित कपड़ा व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button