69 आकर्षक स्टॉलों के साथ सिटी लाइट में दो दिवसीय उत्सव प्रारंभ
तेरापंथ महिला मंडल द्वारा श्री उत्सव का भव्य आयोजन

सूरत।अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में सूरत तेरापंथ महिला मंडल द्वारा श्री उत्सव का भव्य आयोजन तेरापंथ भवन, सिटी लाइट स्थित मैत्री हाल में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी श्री द्वारा नमस्कार महामंत्र के मंगल पाठ से हुआ।
श्री उत्सव का विधिवत उद्घाटन श्रीमती झंकार देवी हेमा–रचना बोथरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की अध्यक्षा प्रतीक्षा बोथरा ने सफल आयोजन के लिए सभी संयोजिका बहनों के अथक परिश्रम की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधु देरासरिया ने शुभकामनाएँ देते हुए अपने वक्तव्य में कहा कि सूरत महिला मंडल निरंतर ऐसे ही उल्लेखनीय आयोजन कर संस्था के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
श्री उत्सव की मुख्य अतिथि, मॉडल, अभिनेत्री एवं सोशल मीडिया प्रभावक एकता सवानी ने कहा कि श्री उत्सव की मुख्य अतिथि बनना उनके लिए हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने महिला मंडल के इस शानदार आयोजन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
तेरापंथ समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर महिला मंडल को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
दो दिवसीय श्री उत्सव (27 एवं 28 जनवरी) में कुल 69 आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें वस्त्र, आभूषण, सजावट सामग्री, खाद्य पदार्थ सहित विविध प्रकार के सुंदर और आकर्षक स्टॉल शामिल हैं। आयोजन स्थल पर उत्साह, उमंग और पारिवारिक वातावरण देखने को मिल रहा है।




