सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

“बीजेएस स्मार्ट गर्ल दौड़ – स्मार्ट गर्ल, स्मार्ट राष्ट्र”

महिला शक्ति की एकजुट आवाज़, भावनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में सूरत से सशक्त पहल

सूरत।बेटियों और महिलाओं के भावनात्मक सशक्तिकरण, आत्मविश्वास तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूरत शहर में “बीजेएस स्मार्ट गर्ल दौड़ – स्मार्ट गर्ल, स्मार्ट राष्ट्र” अभियान के अंतर्गत महिला सामाजिक संस्थाओं का भव्य परिचय एवं संवाद मिलन समारोह गरिमामय एवं प्रेरणादायक वातावरण में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे भगवान महावीर कॉन्सेप्ट विद्यालय, वीआईपी-2, सूरत में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आगामी रविवार, 8 फरवरी 2026 को भगवान महावीर विश्वविद्यालय से सुबह 6:30 बजे आयोजित होने वाली स्मार्ट गर्ल जागरूकता दौड़ की विस्तृत जानकारी दी गई। समारोह में सूरत शहर की 150 से अधिक महिला सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिसने महिला एकता और सामाजिक चेतना की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में स्पष्ट किया गया कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि प्रत्येक बेटी को भावनात्मक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने का सामाजिक अभियान है। इसका उद्देश्य हर लड़की में यह विश्वास उत्पन्न करना है कि वह सुरक्षित है, सक्षम है और अपने निर्णय स्वयं लेने में समर्थ है। सभी महिला संस्थाओं से आग्रह किया गया कि वे अधिक से अधिक बेटियों और महिलाओं को इस जागरूकता अभियान से जोड़ें।
इस अवसर पर बीजेएस स्मार्ट गर्ल राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. हर्षिता जी जैन ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि यह दौड़ बेटियों के मनोबल को सशक्त करने की एक सामाजिक यात्रा है। वहीं गुजरात राज्य प्रभारी रूपाली जी नीलाखे ने बताया कि स्मार्ट गर्ल अभियान के माध्यम से सूरत में अब तक 35,000 से अधिक बेटियों तक सकारात्मक संदेश पहुँचाया जा चुका है।
कार्यक्रम का सफल संयोजन स्मार्ट गर्ल परियोजना प्रमुख, सूरत – श्रीमती निशा सेठिया एवं स्मृति जैन के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। भारतीय जैन संगठन की पूरी टीम की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की प्रभावशीलता को और बढ़ाया। मंच संचालन का दायित्व मधु जी देरासरिया एवं रजनी जी बुलिया ने प्रभावशाली ढंग से निभाया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी महिला सामाजिक संस्थाओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने, हर बेटी को भावनात्मक रूप से सशक्त बनाने तथा “स्मार्ट गर्ल – स्मार्ट राष्ट्र” के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएँगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button