प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की शहर के दो पूर्व अध्यक्षों से मुलाकात पर सियासी चर्चाएं तेज
एसआईआर कार्यक्रम के बाद नितिन भजियावाला के निवास पर पहुंचे जगदीश विश्वकर्मा, पूर्णेश मोदी और विधायक विनु मोरडिया भी रहे साथ सूरत।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा की शहर के दो पूर्व भाजपा अध्यक्षों से हुई मुलाकात को लेकर सूरत के राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इन मुलाकातों को भले ही सामाजिक कारणों से जोड़ा जा रहा हो, लेकिन वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने राजनीतिक तर्क-वितर्क को हवा दे दी है।
एसआईआर (SIR) के दूसरे चरण की कार्यवाही को लेकर भाजपा के पदाधिकारियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन हेतु दक्षिण गुजरात के विभिन्न जिलों को जोड़ते हुए कार्यशालाओं का आयोजन किया गया था। नवसारी, वलसाड और सूरत जिले के लिए नवसारी में, जबकि भरूच, तापी, डांग और सूरत शहर के लिए सूरत शहर भाजपा कार्यालय में प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा और राष्ट्रीय महामंत्री सूरत पहुंचे थे।
सूरत में आयोजित कार्यक्रम के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, सूरत शहर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन भजियावाला के निवास पर पहुंचे। यह मुलाकात हाल ही में भजियावाला की माताजी के निधन के चलते शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए बताई गई। इसके बाद वे राज्यसभा के पूर्व सांसद और पूर्व शहर भाजपा अध्यक्ष स्व. प्रवीण नायक के निवास पर भी गए और उनके परिवारजनों से मुलाकात की।
नितिन भजियावाला के निवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के साथ शहर भाजपा अध्यक्ष परेश पटेल, विधायक पूर्णेश मोदी और विधायक विनु मोरडिया भी मौजूद रहे। हालांकि इन मुलाकातों को पूरी तरह सामाजिक बताया जा रहा है, लेकिन एक साथ कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने शहर की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
खासकर लंबे समय से हाशिये पर माने जा रहे पुराने कार्यकर्ताओं के घर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की अचानक हुई विजिट को लेकर राजनीतिक गर्माहट महसूस की जा रही है। चर्चा यह भी रही कि प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम पटेल के निवास पर भी जाने वाले थे, लेकिन समयाभाव के चलते यह मुलाकात नहीं हो सकी।इन घटनाक्रमों के बाद सूरत भाजपा की अंदरूनी राजनीति को लेकर कयासों का दौर तेज हो गया है, और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक मायने निकलने की संभावना जताई जा रही है।




