businessTextileसूरत सिटी

सूरत: सारोली की अंबिका इंडस्ट्रीज में देर रात भीषण आग, लाखों का नुकसान

एम्ब्रॉयडरी यूनिट में लगी आग से मची अफरातफरी, 9 दमकल गाड़ियों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू; कोई जनहानि नहीं

सूरत। सूरत के सारोली क्षेत्र स्थित अंबिका इंडस्ट्रियल एस्टेट में गुरुवार देर रात आग की एक गंभीर घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। तीन मंजिला इमारत के दूसरे माले पर स्थित एक एम्ब्रॉयडरी यूनिट में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात जब इलाके में शांति थी, तभी एम्ब्रॉयडरी यूनिट से अचानक धुएं के गुबार निकलते देखे गए। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और पूरे यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। आग दूसरे माले पर लगी होने के कारण आसपास की अन्य इकाइयों में भी आग फैलने की आशंका से स्थानीय लोगों और वहां काम कर रहे श्रमिकों में भारी दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सूरत फायर ब्रिगेड तुरंत हरकत में आई। शहर के अलग-अलग फायर स्टेशनों से करीब 9 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया गया। फायर फाइटर्स ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से पानी की तेज बौछार कर आग को काबू में करने का प्रयास शुरू किया और आग को अन्य इकाइयों में फैलने से रोकने में सफलता हासिल की।
करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत और सतत प्रयासों के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस भीषण आग में एम्ब्रॉयडरी यूनिट के अंदर रखी महंगी डिजिटल एम्ब्रॉयडरी मशीनें, कपड़े का बड़ा स्टॉक तथा फर्नीचर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। घटनास्थल से गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए, जिससे आग और भी भयावह रूप ले सकती थी।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल फायर विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button