POLITICSगुजरातराजनीतिसूरत सिटी

सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में भाजपा का ‘जनसेवा संकल्प’ कार्यक्रम, 120 उम्मीदवारों ने ली शपथ

सूरत नगर निगम चुनाव में 120 में 120 सीट जीतने का दावा

सूरत।गुजरात में आगामी स्थानीय स्वराज्य चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने पूरे राज्य में चुनाव प्रचार का शुभारंभ कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को सूरत के पीपलोद स्थित कारगिल चौक पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में भव्य ‘जनसेवा संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने सूरत महानगरपालिका चुनाव में जीत का भरोसा जताया। राज्य की सभी महानगरपालिकाओं (6 पुरानी और 9 नई) में भाजपा द्वारा एक साथ जनसेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए। सूरत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए चुनाव प्रचार का विधिवत शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर सूरत महानगरपालिका की 120 सीटों के सभी उम्मीदवार एक मंच पर उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री प्रशांत कोराटे ने मीडिया से बातचीत में बताया कि स्थानीय स्वराज्य चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और भाजपा ने पूरे राज्य में 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारा है।
उन्होंने कहा कि सूरत में शहर अध्यक्ष परेश पटेल के नेतृत्व में भाजपा 120 में से 120 सीट जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है। साथ ही सभी उम्मीदवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा मंत्र को आगे बढ़ाते हुए जीत के बाद अगले पांच वर्षों तक ईमानदारी और निष्ठा से जनसेवा करने की शपथ ली।
टिकट वितरण को लेकर उठे सवालों पर प्रशांत कोराटे ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुसार शिक्षित युवाओं को राजनीति में अवसर देने के लिए पार्टी ने 60 वर्ष से अधिक आयु और तीन बार चुनाव लड़ चुके नेताओं को टिकट नहीं देने का सामूहिक निर्णय लिया है। इस बार सूरत में लगभग 81 नए कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button