
सूरत। सचिन क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी से उधार माल लेकर भुगतान नहीं करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सचिन पुलिस ने मुंबई के व्यापारी और स्थानीय दलाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सचिन स्थित शिवशक्ति सोसायटी निवासी धर्मेशभाई मनसुखभाई रीबड़िया (34) कपड़ा व्यवसाय से जुड़े हैं और सचिन होजीवाला इंडस्ट्रीज एस्टेट में फैब्रिक पॉलीप्लास्ट फर्म के नाम से व्यापार करते हैं। उनकी पहचान स्थानीय दलाल बटुकभाई राबड़िया (निवासी शिवपूजन रेसिडेंसी, योगीचौक, वराछा) ने मुंबई के व्यापारी गोपालभाई दिनेशभाई रायचुरा, प्रोपराइटर सरस्वती एंटरप्राइज, से करवाई थी।
वर्ष 2024 में गोपालभाई स्वयं धर्मेशभाई की ऑफिस पर आए थे और 30 दिन में भुगतान करने का भरोसा दिया था। इसके बाद 24 अगस्त 2025 को विश्वास में लेकर गोपालभाई ने धर्मेशभाई से 900 ग्रे कपड़े की साड़ियों का माल, जिसकी कीमत 7,17,522 रुपये थी, तथा उनके मित्र केल्विनभाई महेशभाई जागाणी से 950 साड़ियों का माल, जिसकी कीमत 6,55,725 रुपये थी, कुल 13,73,247 रुपये का कपड़ा उधार में खरीदा।
नियत समय सीमा में भुगतान नहीं मिलने पर धर्मेशभाई ने उधारी की मांग शुरू की, लेकिन आरोपी व्यापारी बार-बार झूठे आश्वासन देकर समय टालता रहा। बाद में आरोपी गोपालभाई रायचुरा और दलाल बटुकभाई राबड़िया ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और भुगतान किए बिना फरार हो गए।
घटना के संबंध में धर्मेशभाई रीबड़िया की शिकायत पर सचिन पुलिस स्टेशन में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।



