रूंगटा डेवलपर्स परिवार द्वारा विशाल श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन, देर रात तक उमड़ी भक्तों की भीड़

सूरत। रिंग रोड मान दरवाजा स्थित गैलेक्सी टेक्सटाइल मार्केट परिसर में शुक्रवार को रूंगटा डेवलपर्स परिवार द्वारा विशाल श्री श्याम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन की जानकारी देते हुए अनिल रूंगटा ने बताया कि इस अवसर पर बाबा श्याम का आकर्षक एवं भव्य दरबार कोलकाता के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा विशेष रूप से सजाया गया था। सुसज्जित दरबार के समक्ष शाम सवा छह बजे अखंड ज्योत प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इसके पश्चात भजन संध्या की शुरुआत स्थानीय गायक कलाकार अजीत दधीचे ने भजनों की प्रस्तुति से की। कार्यक्रम में कोलकाता से आमंत्रित प्रसिद्ध भजन गायक राज पारिक ने एक से बढ़कर एक भजन एवं धामाल प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर उपस्थित श्याम भक्त भाव-विभोर होकर झूमते और नाचते हुए बाबा श्याम की भक्ति में लीन नजर आए।
आयोजन के दौरान सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन का समापन महाआरती के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के व्यापारी एवं श्याम भक्त उपस्थित रहे।



