Textileसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती पर सूरत में रूट डायवर्जन, कई मार्ग रहेंगे बंद

सूरत। भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल 2026 को शहर में भव्य रैली एवं मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त द्वारा विशेष सार्वजनिक अधिसूचना जारी कर कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य रैली सूरत रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर दिल्ली गेट, भागल, नवसारी बाजार, उधना दरवाजा होते हुए मान दरवाजा पहुंचेगी। इसके चलते भागल से गलेमंडी होकर दिल्ली गेट तक का मार्ग दोपहर 12 बजे से रात्रि 12 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद रहेगा। इसी प्रकार उधना दरवाजा से नवसारी बाजार तक का मार्ग भी दोपहर 12 बजे से रात्रि 12 बजे तक पूर्ण रूप से यातायात हेतु प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
मुख्य जयंती समारोह मान दरवाजा स्थित बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए फालसा वाड़ी से मजुरा गेट तक रिंग रोड पर पूरे दिन सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस द्वारा जारी निर्देशानुसार कडोदरा एवं कामरेज की ओर से आने वाले भारी वाहन पर्वत पाटिया से रोकडिया हनुमान की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। वहीं सचिन क्षेत्र से आने वाले भारी वाहन रोकडिया से पर्वत पाटिया की ओर भेजे जाएंगे। अडाजन की ओर से आने वाले वाहन गैस सर्कल से जिला बैंक ब्रिज मार्ग होते हुए बॉम्बे मार्केट ओवरब्रिज की ओर से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button