विक्रम सिंह शेखावत की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब

सूरत। समाज के लोकप्रिय एवं कर्मठ व्यक्तित्व स्वर्गीय विक्रमसिंहजी शेखावत की श्रद्धांजलि सभा रविवार को गोड़ादरा रोड स्थित तुलसी पार्टी प्लॉट में अत्यंत भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सभा में समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में लगभग 10 हजार से अधिक समाजबंधुओं की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन स्थल पूरी तरह भरा रहा।

इस अवसर पर सांसद सी. आर. पाटिल एवं पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने स्व. शेखावत को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा में राजस्थान समाज के अग्रणी जनों में संजय सरावगी, सांवर प्रसाद बुढ़िया, प्रमोद चौधरी, विमल पोद्दार, राम रतन भुटड़ा, कैलाश हाकिम एवं किशोर बिंदल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

इसके अलावा राजस्थान क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष सुमेर सिंह शेखावत, पुलिस उपायुक्त विजय गुर्जर, जीएसटी विभाग के अधिकारी जसवीर किचड़, सुरेंद्र पूनिया, विनोद टोंक, पूर्व आईआरएस अधिकारी कार्तिक राज दहिया, अशोक सिंह, पुलिस उपायुक्त शेफाली बारवाल एवं फायर चीफ बसंत पारीक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सभा के दौरान सभी उपस्थितजनों ने स्व. शेखावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक कार्यों, नेतृत्व क्षमता एवं मिलनसार व्यक्तित्व को याद किया। वक्ताओं ने उन्हें समाज का सच्चा मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शेखावत परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की गईं। श्रद्धांजलि अर्पण एवं प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



