वेसु में नि:शुल्क बायोडाटा सेंटर का उद्घाटन, विवाह में देरी की समस्या के समाधान की पहल
मन की खुशी फाउंडेशन की वैवाहिक समिति ने शुरू किया सामाजिक अभियान

सूरत। समाज में बढ़ती देर से शादी-विवाह की समस्या को ध्यान में रखते हुए मन की खुशी फाउंडेशन की वैवाहिक समिति द्वारा वेसु क्षेत्र में नि:शुल्क बायोडाटा सेंटर का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन गुजरात प्रदेश अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद सूरत महानगर अध्यक्ष एवं रूंगटा बिल्डर के अनिल रुंगटा द्वारा बुधवार दोपहर 1:15 बजे किया गया।
फाउंडेशन की संस्थापक प्रिया बसंत खैतान ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों को उचित जीवनसाथी खोजने में सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में विवाह में हो रही देरी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है, जिसे दूर करने के लिए यह नि:शुल्क बायोडाटा सेंटर शुरू किया गया है।
समिति के मोहक गुप्ता और संदीप बंसल ने जानकारी दी कि प्रत्येक रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अग्रवाल, माहेश्वरी, जैन और खंडेलवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा का आदान-प्रदान किया जाएगा। इच्छुक परिवार केंद्र पर आकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अनिल रुंगटा ने कहा कि आज के समय में देर से विवाह होना समाज की बड़ी समस्या बन गई है। ऐसे में नि:स्वार्थ भाव से बायोडाटा सेंटर खोलकर लोगों को जोड़ना एक सराहनीय पहल है, जिससे कई परिवारों को लाभ मिलेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता बसंत खैतान ने कहा कि इस गंभीर समस्या का समाधान सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। जब समाज के विभिन्न वर्ग एक साथ बैठकर विचार-विमर्श करेंगे, तभी युवाओं के विवाह में आ रही कठिनाइयों का समाधान निकल सकेगा।
कार्यक्रम में विजय गोयल, प्रवीण जैन एवं सरदार मंजीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अंत में सामाजिक कार्यकर्ता बसंत खैतान ने सभी अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया तथा उपस्थित महानुभावों का आभार व्यक्त किया।



