सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

वेसु की लब्धिभूमि में 14 महीने के वर्षीतप साधना का भव्य शुभारंभ

अधिक मास के कारण इस बार वर्षीतप 14 महीने चलेगा, 350 से अधिक जैन श्रावक-श्राविकाओं ने लिया संकल्प

सूरत। वेसु स्थित लब्धिभूमि जैन संघ में वर्षीतप साधना का भव्य शुभारंभ किया गया। इस वर्ष अधिक मास होने के कारण वर्षीतप 14 महीनों तक चलेगा। इस पावन साधना में 350 से अधिक जैन श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जैन भक्त उपस्थित रहे और पूरा वातावरण भक्ति एवं आध्यात्मिक भावनाओं से सराबोर हो गया।
सूरत के वेसु क्षेत्र में स्थित महिमामय लब्धिभूमि तीर्थ में साधनामनीषी जैनाचार्य अजितयशसूरिश्वरजी महाराज तथा पूज्य आचार्यभद्र संस्कारयशसूरिश्वरजी महाराज के पावन सान्निध्य में बुधवार से वर्षीतप का शुभारंभ हुआ। जैनाचार्य लब्धिसूरिश्वरजी महाराज के पुण्य नाम से निर्मित इस तीर्थस्थल पर विशाल श्रमणगण और श्रमणीगण की उपस्थिति में धार्मिक आस्था का अनूठा माहौल देखने को मिला।
अधिक मास के कारण इस वर्ष वर्षीतप विशेष रूप से 14 महीनों तक किया जाएगा। इस दिव्य साधना में 350 से अधिक श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर तप का संकल्प लिया। वर्षीतप के आरंभ के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला। तपस्वियों के संकल्प और साधना के भावपूर्ण दृश्य देखकर कई भक्तों की आंखें भी नम हो गईं और पूरा वातावरण भक्ति से ओतप्रोत हो गया।
वर्षीतप के शुभारंभ के दिन मुंबई निवासी प्राची कुमारी शाह और बाल मुमुक्षु कशवी कुमारी शाह को पूज्य आचार्यश्री के हस्ते दीक्षा का शुभ मुहूर्त प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालु भावविभोर हो गए। दोनों मुमुक्षुओं को 3 मई को मुंबई के दादर स्थित लब्धिसूरी जैन ज्ञान मंदिर में आयोजित भव्य दीक्षा महोत्सव में दीक्षा प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरा लब्धिभूमि परिसर धार्मिक उत्साह तथा आध्यात्मिक ऊर्जा से गूंज उठा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button