उधना में गणगौर पर्व की धूम: महिला शक्ति का उमड़ा जनसैलाब, सिंजारा उत्सव हर्षोल्लास से सम्पन्न

श्री रामायण प्रचार मण्डल की शोभायात्रा में दिखी राजस्थानी संस्कृति की झलक, गौरा-इसर का भव्य श्रृंगार
सूरत (उधना):
आस्था, प्रेम एवं पारिवारिक सौहार्द्र के प्रतीक गणगौर पर्व के अवसर पर उधना स्थित श्री रामायण प्रचार मण्डल द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया गया। गणगौर शोभायात्रा में महिला शक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
मण्डल की पूजा भराड़िया ने बताया कि यह पर्व राजस्थान की लोक संस्कृति, परंपरा और श्रद्धा का प्रतीक है। गणगौर पर्व के दौरान कुआंरी कन्याएं होली के दूसरे दिन से एकम तक पूजा-अर्चना कर भगवान शिव और माता पार्वती से उत्तम वर की कामना करती हैं। यह पर्व शिव-पार्वती के दांपत्य प्रेम और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है।
चैत्र शुक्ल द्वितीया, शुक्रवार (20 मार्च 2026) को भराड़िया हाउस में सिंजारा उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर गौरा जी और इसर जी का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसमें उन्हें नए वस्त्र एवं आभूषणों से सजाया गया।
इस धार्मिक आयोजन में रेखा भराड़िया, रितु भराड़िया, पूजा भराड़िया, दुर्गा डांगरा और डिंपल शर्मा सहित कई महिलाओं ने मिलकर पूजन एवं श्रृंगार की व्यवस्था संभाली।
कार्यक्रम के अंत में जानकारी दी गई कि अगले दिन गौरा जी की विधिवत विदाई होगी, जिसमें उन्हें शाही ठाठ-बाट के साथ ससुराल रवाना किया जाएगा।
गणगौर महोत्सव के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

