businessTextileअहमदबादक्राइमसूरत सिटी

सूरत टेक्सटाइल मार्केट में संगठित ठगी का मुख्य आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार

40 लाख की धोखाधड़ी में जयदीप सोनी पकड़ा गया, गिरोह के अन्य सदस्य फरार; पुलिस जांच तेज

सूरत। शहर के सारोली क्षेत्र स्थित टेक्सटाइल मार्केट में व्यापारियों के साथ हुई संगठित उधारी ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सारोली पुलिस ने अहमदाबाद के निकोल इलाके से गिरोह के मुख्य आरोपी जयदीपभाई उर्फ विजयभाई जगदीशभाई सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है, जबकि इस गिरोह से जुड़े कई अन्य मामलों में करोड़ों रुपये की ठगी की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सारोली पुलिस थाने में तीन और डीसीबी पुलिस में दो शिकायतें दर्ज हैं। ठगी का मुख्य शिकार बने विजीत चंदनकुमार शाह, जो “श्री अरहम सिल्क मिल्स” के प्रोप्राइटर हैं और कुबेरजी वर्ल्ड टेक्सटाइल मार्केट में लेडीज कुर्ती के कपड़ों का व्यापार करते हैं।
जांच में सामने आया कि अहमदाबाद के दलाल अमितभाई टोलारामभाई गुरनानी के माध्यम से विजीत शाह का संपर्क विभिन्न व्यापारियों से कराया गया। शुरुआत में आरोपियों ने समय पर भुगतान कर भरोसा जीता, जिससे व्यापारी को उन पर विश्वास हो गया। इसके बाद आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बड़ी मात्रा में कपड़ा उधार लिया और भुगतान बंद कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आए आंकड़ों के अनुसार, जयदीप सोनी ने 7.10 लाख रुपये का माल लेकर केवल 1 लाख रुपये चुकाए और 6.10 लाख बकाया रखा। वहीं नरेशकुमार हीरालाल खटीक (कमल ट्रेडर्स) ने 37.89 लाख रुपये का माल लेकर 13.22 लाख का भुगतान किया और 24.66 लाख रुपये बकाया रखे। छगनभाई साकाराम भाटी (केसर कॉर्पोरेशन) और गौरवकुमार महेशभाई मकवाणा (वैदिका क्रिएशन) ने भी लाखों रुपये का माल लेकर भुगतान नहीं किया। इस तरह सभी आरोपियों ने मिलकर करीब 39.93 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह पहले भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं में शामिल रहा है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(5) और 54 के तहत वर्ष 2025 और 2026 में कई मामले दर्ज हैं, जिससे इनके संगठित अपराध में शामिल होने की पुष्टि होती है।
पुलिस कमिश्नर अनुपमसिंह गहलौत के निर्देश पर सारोली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर टेक्निकल सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई की। पुख्ता सूचना मिलने पर टीम ने अहमदाबाद के निकोल क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की उम्र करीब 24 वर्ष बताई जा रही है और उससे पूछताछ जारी है।
फिलहाल इस मामले में मुख्य दलाल अमित गुरनानी समेत अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button