सूरत में गूंजे बाबा गंगाराम के जयकारे, भक्ति और सेवा के संग संपन्न हुआ 5वां वार्षिक वंदना महोत्सव

सूरत। सिटीलाईट स्थित अग्रसेन भवन के पंचवटी हॉल में रविवार को बाबा गंगाराम सेवा समिति द्वारा 5वां वार्षिक बाबा गंगाराम वंदना महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के माहौल में धूमधाम से आयोजित किया गया। इस दौरान पूरा हॉल बाबा के जयकारों और सुमधुर भजनों से गुंजायमान हो उठा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।
महोत्सव का शुभारंभ शाम 4:15 बजे बाबा गंगाराम की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें कोलकाता से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय शर्मा तथा सूरत की उभरती भजन गायिका अनन्या शिओटिया ने अपनी मधुर प्रस्तुति से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु झूमते नजर आए। कार्यक्रम स्थल को आधुनिक एलईडी तकनीक और आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया गया था, जिससे बाबा का दरबार अत्यंत दिव्य और अलौकिक दिखाई दे रहा था।
समिति ने इस वर्ष भक्ति के साथ सेवा का संदेश देते हुए जरूरतमंद दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर वितरित की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” के भाव से समाज के हर वर्ग तक बाबा का आशीर्वाद पहुंचाना ही आयोजन का उद्देश्य है।
महोत्सव के दौरान बाबा को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सामूहिक महाआरती संपन्न हुई, जिसमें विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
बाबा गंगाराम सेवा समिति, सूरत ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं, दानदाताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।



