सूरत में फिर दिखेंगी एसी डबल डेकर बसें
डुमस सी-फेस प्रोजेक्ट के लिए मनपा शुरू करेगी दो इलेक्ट्रिक डबल डेकर बसें, वर्षों पहले बंद हो चुकी थी यह सेवा
सूरत।सूरत शहर में एक बार फिर डबल डेकर बसें नजर आएंगी। सूरत महानगरपालिका (मनपा) ने हाल ही में शुरू किए गए डुमस सी-फेस प्रोजेक्ट पर आने वाले शहरवासियों और बाहरी पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रायोगिक तौर पर दो एसी डबल डेकर बसें शुरू करने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि कई वर्ष पहले तक शहर में एसटी निगम की डबल डेकर बसें संचालित होती थीं, लेकिन पिछले कई वर्षों से यह सेवा पूरी तरह बंद हो चुकी थी। अब मनपा विशेष रूप से डुमस सी-फेस की यात्रा के लिए आधुनिक डबल डेकर बस सेवा शुरू करने जा रही है।स्थायी समिति ने डुमस सी-फेस को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना के तहत प्रायोगिक तौर पर दो एसी डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें खरीदने को मंजूरी दी है। इन बसों की खरीद ड्राइवर सहित कम्प्रीहेंसिव एनुअल मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट के साथ की जाएगी।
इसके लिए जीएसआरटीसी द्वारा ड्राइवर और 10 वर्ष के मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट के साथ टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और चेन्नई की एक एजेंसी को कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। उसी दर और शर्तों पर सूरत महानगरपालिका भी चेन्नई की एजेंसी के साथ दो डबल डेकर बसों के लिए करार करेगी।मनपा का मानना है कि इस पहल से डुमस सी-फेस आने वाले पर्यटकों को नया अनुभव मिलेगा और शहर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।



