
सूरत। शहर के पीपलोद स्थित उमरा गांव में सूरत महानगरपालिका द्वारा निर्मित नगर प्राथमिक विद्यालय क्रमांक-03 के नए भवन का शुक्रवार को गुजरात के नायब मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के हाथों लोकार्पण किया गया। यह भवन राज्य सरकार के समग्र शिक्षा विभाग के अंतर्गत लगभग 3.40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। नए स्कूल भवन से आसपास के 1500 से अधिक बच्चों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान नायब मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को साइकिल वितरण कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस नए और सुविधायुक्त भवन के माध्यम से स्थानीय बच्चों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी। यह विद्यालय बच्चों के सपनों को साकार करने वाला एक सशक्त शिक्षण केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि पहले यह आम धारणा थी कि सरकारी स्कूलों में केवल मध्यम या निम्न वर्ग के बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन राज्य सरकार और सूरत मनपा की नगर प्राथमिक शिक्षा समिति ने इस सोच को बदलते हुए शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति लाई है। आज कई परिवार निजी स्कूलों के बजाय मनपा की स्कूलों में अपने बच्चों का प्रवेश करवाने के लिए आगे आ रहे हैं।

नायब मुख्यमंत्री ने बच्चों से अपील की कि स्कूल से घर लौटने के बाद वे मोबाइल और टीवी से दूर रहकर मिट्टी से जुड़ी पारंपरिक खेल गतिविधियों में भाग लें। साथ ही उन्होंने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखने का संदेश भी दिया।
उन्होंने बताया कि पूरे देश में सूरत एकमात्र ऐसा शहर है, जहां मनपा की नगर प्राथमिक शिक्षा समिति द्वारा छह भाषाओं में शिक्षा प्रदान की जाती है। मनपा स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड, गार्डन, खेल मैदान, स्कूल ड्रेस, बैग, किताबें, स्टेशनरी और स्पोर्ट्स ड्रेस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, साथ ही बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन की भी बेहतर व्यवस्था है।
कार्यक्रम में म्यूनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन, डिप्टी कमिश्नर दिनेश गुरव, नगर प्राथमिक शिक्षा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कापड़िया सहित कई अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


