
सूरत। सरसाणा स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्ज़ीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में 13 से 16 मार्च तक आयोजित चार दिवसीय सूरत इंटरनेशनल ऑटो एक्सपो का सोमवार को जबरदस्त प्रतिसाद के साथ सफल समापन हुआ। इस मेले में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और ऑटोमोबाइल कंपनियों को उम्मीद से कहीं अधिक इंक्वायरी व बुकिंग प्राप्त हुई।
आयोजकों के अनुसार चार दिनों में कुल 87 हजार से अधिक लोगों ने एक्सपो का दौरा किया। पहले दिन 7,880, दूसरे दिन 14,740, रविवार को रिकॉर्ड 50 हजार से अधिक तथा अंतिम दिन 15 हजार से ज्यादा विजिटर्स पहुंचे।

चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि खासकर कार सेगमेंट को शानदार प्रतिसाद मिला। विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर बड़ी संख्या में ग्राहकों ने नई कारों के बारे में जानकारी ली और खरीदारी में रुचि दिखाई।
वहीं टू-व्हीलर सेगमेंट में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई कंपनियों के डिस्प्ले पर रखे वाहन मौके पर ही बिक गए, जबकि कई ग्राहकों ने एडवांस भुगतान कर स्पॉट बुकिंग कराई।
एक्ज़ीबिटर्स के अनुसार सामान्यतः छह महीने में जितना बिजनेस मिलता है, उतना कारोबार उन्हें केवल चार दिनों में ही प्राप्त हो गया, जिससे डीलर्स और कंपनियों में खासा उत्साह देखा गया।
एक्सपो का प्रमुख आकर्षण जीप का प्रूविंग ग्राउंड रहा, जहां लोगों ने उबड़-खाबड़ रास्तों और ऊंचे-नीचे ट्रैक पर साहसिक ड्राइविंग का रोमांचक अनुभव लिया। रविवार को यहां सबसे अधिक लोगों ने ड्राइविंग का आनंद लिया, जो पूरे देश में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।
इसके अलावा बाइक स्टंट शो ने भी दर्शकों को खूब आकर्षित किया। प्रोफेशनल राइडर्स द्वारा किए गए रोमांचक स्टंट पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साह जताया।

एक्सपो में प्रदर्शित विंटेज कारों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। कार प्रेमियों ने इन ऐतिहासिक और आकर्षक वाहनों के साथ फोटो खिंचवाकर इस आयोजन को यादगार बना लिया।
आयोजकों के अनुसार यह ऑटो एक्सपो सूरत में ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म साबित हुआ, जिससे कंपनियों और ग्राहकों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने में बड़ी सफलता मिली।



