businessTextileअहमदबादसूरत सिटी

सारोली रघुवीर शेलियम टेक्सटाइल मार्केट के व्यापारी से की पिता-पुत्र व मैनेजर ने 1.40 करोड़ की ठगी 

सूरत। सारोली क्षेत्र की रघुवीर शेलियम मार्केट में कपड़ा व्यापारी के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रघुवीर शेलियम टेक्सटाइल मार्केट स्थित दुकान संचालक पिता-पुत्र और उनके मैनेजर के खिलाफ 1.40 करोड़ रुपये का कपड़ा खरीदकर भुगतान नहीं करने की शिकायत दर्ज कराई गई है। सारोली पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर जिले के निवासी तथा वर्तमान में गोडादरा स्थित अंबिका हाइट्स में रहने वाले राजेंद्र किशनलाल डागा सारोली स्थित कुबेरजी वर्ल्ड टेक्सटाइल मार्केट के पीछे विकास लॉजिस्टिक मार्केट में ‘संजू टेक्स’ नाम से कपड़े का व्यवसाय करते हैं। वर्ष 2024 के जनवरी माह में उनकी पहचान कडोदरा रोड स्थित रघुवीर शेलियम टेक्सटाइल हाउस में ‘नाडिया फैब्रिक्स’ नाम से दुकान चलाने वाले व्यापारी संजय सुखलाणी और उनके पुत्र कीर्ति सुखलाणी से हुई थी।
आरोप है कि सुखलाणी पिता-पुत्र ने स्वयं को विश्वसनीय व्यापारी बताते हुए मैनेजर विनोद शांखला के माध्यम से कॉटन पॉलिस्टर कपड़े की नियमित खरीद शुरू की और शुरुआती लेन-देन का भुगतान समय पर कर भरोसा जीत लिया। इसके बाद 13 जनवरी 2024 से 12 जुलाई 2024 के बीच अलग-अलग बिलों के जरिए कुल 1.78 करोड़ रुपये का माल खरीदा गया।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने कुल रकम में से केवल 37.41 लाख रुपये का भुगतान किया और शेष 1.40 करोड़ रुपये का भुगतान टालते रहे। बार-बार मांग के बावजूद रकम नहीं चुकाने पर व्यापारी को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद राजेंद्र डागा ने सारोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने संजय सुखलाणी, उनके पुत्र कीर्ति सुखलाणी तथा मैनेजर विनोद शांखला के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले में आर्थिक लेन-देन और व्यापारिक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button