गुजरातलोकल न्यूज़सूरत सिटी

राजस्थान से गुजरात आ रही लक्जरी स्लीपर बस में भीषण आग, यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर बचाई जान, एक की मौत

अहमदाबाद:राजस्थान से गुजरात आ रही एक निजी ट्रैवल्स की लक्जरी स्लीपर बस में देर रात भीषण आग लगने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 6 यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। यह दर्दनाक हादसा बनासकांठा जिले के धानेरा तालुका के नैनावा गांव के पास तड़के करीब 3:30 बजे हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, यह निजी स्लीपर बस राजस्थान के जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही थी। जब बस नैनावा गांव के पास पहुंची, तभी अचानक बस में आग लग गई। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें और धुएं के बीच बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। बस का दरवाजा खुलना मुश्किल होने पर कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों के कांच तोड़कर चलती बस से बाहर छलांग लगा दी। इस दौरान एक यात्री बस के अंदर ही आग की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक यात्री ने बताया कि वे जैसलमेर में शादी समारोह में शामिल होकर अहमदाबाद लौट रहे थे, तभी अचानक बस में आग लग गई। आग कैसे लगी इसकी जानकारी किसी को नहीं है, लेकिन सभी यात्री बस में फंस गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। झुलसे हुए 6 यात्रियों को तुरंत धानेरा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
आग बुझाने के लिए धानेरा नगर पालिका के साथ-साथ पड़ोसी राज्य राजस्थान के सांचोर से भी फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
धानेरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच जारी है।
इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कर दिया। घटना के बाद निजी बसों में फायर सेफ्टी व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button