नखरालो देवरियो भाभी पर जादू कर गीयो : होली की मस्ती में झूमे प्रवासी राजस्थानी

सूरत। फागुन माह की रंगीन फिजाओं के बीच सूरत शहर में प्रवासी राजस्थानी समाज अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। शहर की विभिन्न सोसायटियों में होली उत्सव की धूम देखने को मिल रही है, जहां फागुन के रसिया देर रात तक चंग और ढोल की थाप पर पारंपरिक होली गीत गाते और झूमते नजर आ रहे हैं।
गोडादरा विस्तार स्थित अंबिका हाइट्स सोसायटी में ‘दोस्ताना ग्रुप’ द्वारा विशेष होली सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थानी लोकगीतों और फागुन के पारंपरिक गीतों ने माहौल को पूरी तरह रंगीन बना दिया। “नखरालो देवरियो भाभी पर जादू कर गीयो” जैसे लोकगीतों पर उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ नृत्य कर होली के उत्सव का आनंद लिया।
ग्रुप के सदस्य संदीप तोषनीवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि प्रवासी राजस्थानी समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़े रखना है। साथ ही नई पीढ़ी को भी अपनी लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और त्योहारों की परंपरा से परिचित कराना मुख्य लक्ष्य है।
देर रात तक चले इस कार्यक्रम में होली प्रेमी रंग-गुलाल और संगीत की मस्ती में सराबोर नजर आए। चंग-ढोल की गूंज और लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को फागुनी उमंग से भर दिया। आयोजन ने समाज में सांस्कृतिक एकता और पारंपरिक उत्सवों के महत्व को फिर से जीवंत कर दिया।




