फ़ागोत्सव 2026: संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रभक्ति का भव्य संगम

सूरत। राजस्थान युवा संघ द्वारा आयोजित फ़ागोत्सव 2026 के दूसरे दिन सांस्कृतिक विरासत, लोककला और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों समाजबंधुओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया। आयोजन ने यह साबित किया कि फ़ागोत्सव केवल उत्सव नहीं बल्कि समाज को जोड़ने वाली एक सशक्त परंपरा बन चुका है।
कार्यक्रम में राजस्थान से पधारे भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, मिथिलेश गौतम तथा प्रदेश युवा अध्यक्ष शंकर गौरा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और मूल्यों से जोड़ते हैं तथा नई पीढ़ी में संस्कार एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
जयपुर के पणिहारी ग्रुप द्वारा प्रस्तुत घूमर, भवई, तेरा ताली, मयूर नृत्य एवं वीर हनुमाना नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं माली, घांची, शिरवी, सैनी एवं कुमावत समाज के महिला-पुरुषों ने पारंपरिक गैर नृत्य प्रस्तुत कर सामाजिक एकता और उत्साह का संदेश दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक वेशभूषा ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम का भावनात्मक क्षण तब रहा जब देशभक्ति कविता के साथ उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे रंगों के गुब्बारे लहराकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कवि वीरेंद्र राजावत की ओजपूर्ण प्रस्तुति ने पांडाल को देशभक्ति के नारों से गुंजायमान कर दिया।
संघ अध्यक्ष विक्रम सिंह शेखावत ने कहा कि फ़ागोत्सव का उद्देश्य संस्कृति संरक्षण, सामाजिक एकता और युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ना है। सचिव जगदीश शर्मा ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम संयोजक राम अवतार पारीक एवं रमेश राठी, सह-संयोजक बनवारी जाट एवं विनोद सारस्वत सहित कार्यकर्ताओं की टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान युवा संघ समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय है और राजस्थान मानव सेवा संघ के माध्यम से संचालित अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों को रियायती दरों पर उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
हजारों समाजबंधुओं की सहभागिता के साथ सम्पन्न फ़ागोत्सव 2026 ने संस्कृति, संगठन शक्ति और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी संदेश दिया।




