सूरत। उधना के रायका सर्कल स्थित आत्मानंद इंडस्ट्रियल सोसायटी में गुरुवार तड़के एक डिजिटल प्रिंटिंग यूनिट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से यूनिट में लगी मशीनरी और वायरिंग जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार यूनिट के पहले मंजिल पर लगे प्रिंटिंग मशीन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण अचानक आग भड़क उठी। उस समय कारखाने में मौजूद तीन कारीगरों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति गंभीर होते देख सभी कारीगर बाहर निकल आए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उधना, मजूरा और मानदरवाजा फायर स्टेशन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
इस घटना में डिजिटल प्रिंटिंग मशीन और बिजली की वायरिंग सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।


