
सूरत। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिले की अंतिम मतदाता सूची (फाइनल रोल) जारी की। यह सूची चुनाव आयोग द्वारा हर वर्ष 1 जनवरी को पात्रता तिथि मानकर किए जाने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत तैयार की गई है।
जिला सेवा सदन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि मतदाता सूची का प्रारूप 19 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसके बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 19 दिसंबर 2025 से 30 जनवरी 2026 तक का समय निर्धारित किया गया था। प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों का संबंधित मतदाता पंजीकरण अधिकारियों द्वारा नियमानुसार निपटारा करने के बाद जिले के सभी 16 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है।
अंतिम सूची के अनुसार जिले में पहले कुल 36,23,193 मतदाता थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 1,01,578 नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 85,734 मतदाताओं के नाम हटाए गए। इस प्रकार कुल मिलाकर मतदाताओं की संख्या में 15,849 का शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
आयु वर्ग के आधार पर 18 से 19 वर्ष के 21,954 युवाओं तथा 20 से 29 वर्ष के 13,105 नागरिकों का नया पंजीकरण किया गया है, जो युवा मतदाताओं की भागीदारी में वृद्धि को दर्शाता है।
जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 36,39,042 मतदाता हैं, जिनमें 18,83,381 पुरुष, 17,55,568 महिलाएं और 93 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद भी 1 जनवरी 2026 की पात्रता तिथि के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और अब तक पंजीकरण से वंचित नागरिक ‘सतत सुधार प्रक्रिया’ के तहत निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। इससे योग्य नागरिकों को मतदान का अधिकार सुनिश्चित किया जा सके।




