श्री सोमनाथ महादेव मंदिर, रामनगर में महाशिवरात्रि पर्व का भव्य आयोजन

सूरत शहर के रामनगर स्थित श्री सोमनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की।
मंदिर कमिटी के सदस्य पवन हासीजा ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनभर रक्तदान शिविर तथा निःशुल्क मेडिकल चेक-अप कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम के समय सत्संग का आयोजन हुआ, जिसके पश्चात बच्चों द्वारा सुंदर भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया गया। सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
रात्रि में उज्जैन से पधारी ढोलक मंडली के ढोल-ताशों की गूंज के साथ महाकाल भस्म आरती का भव्य आयोजन हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही सभी श्रद्धालुओं के लिए आम भंडारे की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के रूप में सूरत सिटी के डेप्युटी कमिश्नर ऑफ पुलिस श्री लखधीरसिंह झाला, एसओजी पीआई श्री अतुल सोनारा, रांदेर पीआई श्री आर. जे. चौधरी, ड्रेनेज कमिटी चेयरमैन श्री केयुर चपटवाला तथा कॉरपोरेटर श्रीमती नेन्सी शाह उपस्थित रहे। इसके अलावा रामनगर एवं सूरत के सिन्धी समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं समाज के अग्रणीजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत एवं सम्मान मंदिर ट्रस्टी सोनूभाई अछड़ा तथा किशोर लालवाणी द्वारा किया गया। कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण और सामाजिक एकता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




