
सूरत।सारोली क्षेत्र के एक कपड़ा व्यापारी से करीब ₹39.93 लाख की ठगी के मामले में सारोली पुलिस ने अहमदाबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मानव स्रोतों की मदद से यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता विजीत चंदनकुमार शाह (उम्र 42 वर्ष), निवासी 1002 अनुपम हाइट्स, सोमनाथ रोड, सूरत, “श्री अरहम सिल्क मिल्स” के प्रोप्राइटर हैं और दुकान नंबर 1102, श्री कुबेरजी वर्ल्ड टेक्सटाइल मार्केट, सारोली में लेडीज कुर्ती के कपड़े का व्यापार करते हैं। आरोप है कि अहमदाबाद के दलाल और व्यापारियों ने आपस में मिलीभगत कर उनसे कपड़े का माल लेकर भुगतान नहीं किया।
मामले में मुख्य दलाल अमित टोलराम गुरनानी, निवासी सी-229, सफाल-02 मार्केट, कांकरीया रोड, अहमदाबाद, तथा चार व्यापारियों—नरेशकुमार हीरालाल खटीक (उम्र 39), निवासी बी-7, सिल्वर सिटी सोसायटी, तक्षशिला हाईस्कूल के पास, महेश्वरी रोड, वस्त्राल, अहमदाबाद (मूल निवासी फुलेरा, नागौर, राजस्थान), प्रोप्राइटर कमल ट्रेडर्स; छगनभाई साकाराम भाटी, प्रोप्राइटर केशर कॉर्पोरेशन, दुकान ई-114, सफर-7, प्रथम मंजिल, सोनीनी चाल, रकियाल रोड, अहमदाबाद; जयदीप उर्फ विजयभाई जगदीशभाई सोनी, प्रोप्राइटर एस.वी.पी. टेक्सटाइल्स, दुकान ए-59, सुमेल बिजनेस पार्क-2, कांकरीया रोड, अहमदाबाद; तथा गौरवकुमार महेशभाई मकवाणा (उम्र 32), निवासी घर नंबर 4, सुदर्शन सोसायटी, नवयुग स्कूल के पास, नरोडा, अहमदाबाद (मूल निवासी मोटी भद्रावल, तळाजा, भावनगर), प्रोप्राइटर वैदीका क्रिएशन—ने मिलकर ठगी की।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने दलाल के माध्यम से संपर्क कर पहले समय पर भुगतान कर व्यापारी का भरोसा जीता। इसके बाद अलग-अलग बिलों के जरिए बड़ी मात्रा में कपड़े का माल मंगवाया और भुगतान टालते रहे। कमल ट्रेडर्स के नरेशकुमार खटीक ने ₹37,89,666 के माल में से ₹13,22,991 ही चुकाए और ₹24,66,675 बकाया रखा। केशर कॉर्पोरेशन के छगनभाई भाटी ने ₹4,10,860 का माल लेकर एक भी रुपया नहीं चुकाया। एस.वी.पी. टेक्सटाइल्स के जयदीप सोनी ने ₹7,10,962 के माल में से ₹1,00,000 देकर ₹6,10,962 बकाया रखा। वैदीका क्रिएशन के गौरवकुमार मकवाणा ने ₹5,54,371 के माल में से ₹50,000 चुकाए और ₹5,04,371 बकाया रखा। इस तरह कुल ₹39,93,228 की रकम का भुगतान नहीं किया गया।
इस मामले में सारोली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(5) और 54 के तहत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नरेशकुमार खटीक और गौरवकुमार मकवाणा अहमदाबाद के सारणनगर क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गौरवकुमार मकवाणा के खिलाफ सूरत शहर के डीसीबी और सलाबतपुरा पुलिस स्टेशनों में पहले से धोखाधड़ी से जुड़े तीन मामले दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है।
फिलहाल छगनभाई साकाराम भाटी, जयदीप उर्फ विजयभाई सोनी और दलाल अमित गुरनानी फरार हैं। सारोली पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।




