सूरत सिटी

पांच से अधिक दुकानों में तोड़फोड़, सामान सड़क पर फेंका

धमनवाला कॉम्प्लेक्स में बिल्डर के लोगों पर व्यापारियों का आरोप

खटोदरा पुलिस ने मालिकाना सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की  सूरत। शहर के उधना रोड क्षेत्र स्थित धमनवाला कॉम्प्लेक्स में शनिवार रात कुछ लोगों ने उत्पात मचाते हुए पांच से अधिक दुकानों में तोड़फोड़ कर दी और सामान सड़क पर फेंक दिया। इस घटना में व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। कपड़ा बाजार में सीजन शुरू होने के बीच इस घटना से कारोबार पर भी बड़ा असर पड़ा है। व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि यह कृत्य बिल्डर के इशारे पर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 1997 में उधना रोड पर धमनवाला कॉम्प्लेक्स (शिवालिक एवेन्यू) नाम का प्रोजेक्ट विजय शाह द्वारा तैयार किया गया था, जहां व्यापारियों ने कपड़े की दुकानें शुरू की थीं। व्यापारियों के आरोप के मुताबिक शनिवार आधी रात को बिल्डर लाभुभाई कासोदरिया के कथित लोगों ने अंधेरे का फायदा उठाकर दुकानों में तोड़फोड़ की। कपड़े का स्टॉक कीचड़ में फेंक दिया गया और फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाया गया। इतना ही नहीं, व्यापारियों को दुकानों में प्रवेश करने से भी रोका गया।
अचानक हुई इस घटना के कारण व्यापारियों को सुबह अपना कारोबार बंद करना पड़ा, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया।
दुकानदारों और बिल्डर के बीच विवाद को देखते हुए खटोदरा पुलिस ने कब्जे के दस्तावेज और रसीदों के आधार पर मालिकाना हक की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि व्यापारियों को हुए नुकसान के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button