जायल माहेश्वरी समाज का होली महोत्सव 1 मार्च को, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम

सूरत। जायल माहेश्वरी समाज द्वारा आगामी 1 मार्च को पूना केनाल रोड स्थित एक होटल में होली महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव में जायल क्षेत्र से जुड़े सभी प्रवासी माहेश्वरी बंधुओं के साथ उनकी बहनें, बेटियां एवं भांजे-भांजियां उत्साहपूर्वक भाग ले सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक चंग की धाप पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक गेम्स और गतिविधियों का आयोजन भी किया गया है, जिससे पूरे परिवार के लिए उत्सव यादगार बनेगा। कार्यक्रम का मंच संचालन भावना झंवर द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर समाज के होनहार एवं प्रतिभावान बच्चों का सम्मान भी किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी को प्रोत्साहन मिल सके। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में दिनेश राजपुरोहित एवं विजय चौमाल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
होली महोत्सव को सफल एवं भव्य बनाने हेतु रूपेश कांकाणी, श्रीभगवान सारड़ा, दीपक मुंदड़ा एवं नारायण मूंदड़ा सहित समाज के कई सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।




