
सूरत।महाराष्ट्र सरकार के जैन माइनॉरिटी डेवलपमेंट एंड फाइनेंशियल कॉरपोरेशन के चेयरमेन (राज्यमंत्री) एवं ऑल इंडिया जैन माइनॉरिटी फेडरेशन के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ललित गांधी शनिवार रात्रि 8 बजे मुंबई से सूरत पहुंचे। उनके आगमन पर जैन समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने उनका स्वागत किया।
श्री गांधी 22 फरवरी को प्रातः 8:30 बजे वेसु स्थित आयोजन स्थल पर आयोजित विशेष धार्मिक समारोह में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम जैन आचार्य श्री यशोवर्मसूरी जी महाराज को गच्छाधिपति पदवी प्रदान किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है, जिसमें देशभर से जैन संत, साधु-साध्वी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
सूरत प्रवास के दौरान श्री ललित गांधी जैन समाज के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित बैठक को भी संबोधित करेंगे। बैठक में गुजरात राज्य में जैन समाज की प्राचीन धरोहर, तीर्थ क्षेत्रों, ज्ञान भंडारों के संरक्षण एवं विकास, समाज के युवाओं को व्यापार-उद्योग हेतु रियायती दरों पर ऋण उपलब्ध कराने, शिक्षा सहायता योजनाओं तथा सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
अखिल भारतीय जैन अल्पसंख्यक महासंघ द्वारा गुजरात में जैन अल्पसंख्यक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु स्वतंत्र व्यवस्था स्थापित करने की मांग को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है। इस दौरान श्री गांधी जैन समाज के प्रमुख पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से मुलाकात कर राज्य में अल्पसंख्यक योजनाओं की गतिविधियों को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री ललित गांधी 22 फरवरी को सुबह 10:30 बजे सूरत से पुणे के लिए प्रस्थान करेंगे।




