गोडादरा में राजस्थान युवा संघ का भव्य त्रिदिवसीय फागोत्सव 28 फरवरी से

सूरत। राजस्थान युवा संघ द्वारा होली पर्व के उपलक्ष्य में इस वर्ष गोडादरा में भव्य तीन दिवसीय फागोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। संघ कार्यालय में आयोजित बैठक में सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता को ध्यान में रखते हुए 28 फरवरी, 1 मार्च और 2 मार्च को यह सांस्कृतिक महोत्सव गोडादरा स्थित तुलसी पार्टी प्लॉट में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
फागोत्सव में राजस्थान और गुजरात की समृद्ध लोक परंपराओं की रंगारंग झलक देखने को मिलेगी। राजस्थान से आने वाले ख्यातनाम कलाकार लोक नृत्य, पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष होली धमाल प्रस्तुत करेंगे। तीनों दिन पारंपरिक गींदड़ नृत्य भी आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।
संस्था अध्यक्ष विक्रम सिंह शेखावत ने बताया कि एक मार्च को मातृशक्ति द्वारा भव्य घूमर नृत्य का आयोजन होगा। गत वर्ष घूमर के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड में पहचान बना चुकी महिला समन्वयकों द्वारा इस बार भी विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जो दर्शकों के लिए अविस्मरणीय क्षण बनेगी।
उत्सव को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी, ताकि उत्सव के साथ मानवता का संदेश भी समाज तक पहुंचे। साथ ही, हर वर्ष की परंपरा के अनुसार भारत के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की जाएगी।
राजस्थान युवा संघ ने सूरत व आसपास के सभी समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सामाजिक स्नेह मिलन उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।



