businessTextileसूरत सिटी

भारत मंडपम में सजेगा भारतीय वस्त्रों का संसार, ‘Threads of Bharat’ से दुनिया देखेगी भारत का दम

नई दिल्ली। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की ओर से आगामी 1 से 4 मई 2026 तक नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में ‘भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 – Threads of Bharat’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव भारतीय टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से सीधे जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए CAIT की टेक्सटाइल एवं गारमेंट समिति के राष्ट्रीय चेयरमैन चम्पालाल बोथरा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को वैश्विक स्तर पर प्रभावी तरीके से स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव पारंपरिक बुनकरों, एमएसएमई इकाइयों और आधुनिक गारमेंट निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तथा वैश्विक ब्रांड्स से सीधे संवाद का अवसर देगा, जिससे दीर्घकालिक व्यापारिक साझेदारियों को बढ़ावा मिलेगा।
महोत्सव में कॉटन, सिल्क, मैन–मेड फाइबर, रेडीमेड गारमेंट्स, होम टेक्सटाइल, फैशन और लाइफस्टाइल उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बी2बी मीटिंग्स, एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के साथ संवाद सत्र और उद्योग विशेषज्ञों के साथ नीतिगत चर्चा भी आयोजित की जाएगी।
इस आयोजन में स्वास्तिक ट्रेडिंग कंपनी (S.T.C.), द टेक्सटाइल एजेंसी ऑफ ग्लोबल कॉन्फिडेंस एंड ट्रस्ट तथा बोनारू वस्त्र उत्सव (श्री गोविंदम) आधिकारिक टेक्सटाइल पार्टनर्स के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।
श्री बोथरा ने कहा कि यह महोत्सव केवल व्यापारिक लेन–देन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भारत को वैश्विक मंच पर एक विश्वसनीय और प्रतिस्पर्धी टेक्सटाइल हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आयोजन में देश–विदेश से हजारों उद्योग प्रतिनिधियों, व्यापारियों और खरीदारों के शामिल होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button