“वन नेशन–वन इलेक्शन” के समर्थन में सूरत में विशाल वाहन रैली व जनसभा आज

सूरत। देश में “वन नेशन–वन इलेक्शन (एक राष्ट्र–एक चुनाव)” की अवधारणा के समर्थन में सूरत के समस्त कपड़ा व्यापारियों द्वारा शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 को एक विशाल वाहन रैली एवं जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम फ़ोस्टा के नेतृत्व में सूरत के प्रमुख कपड़ा व्यापारिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न कपड़ा मार्केट से जुड़े हजारों व्यापारी सहभागिता करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, विशाल वाहन रैली सायं 7:00 बजे लैंडमार्क मार्केट से प्रारंभ होकर पर्वत पाटिया, आईमाता होते हुए माहेश्वरी लक्जुरिया (माहेश्वरी सेवा सदन) पर समाप्त होगी। इसके पश्चात सायं 8:00 बजे उसी स्थल पर विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में ओमप्रकाश धनखड़ (राष्ट्रीय सचिव, भारतीय जनता पार्टी) उपस्थित रहकर व्यापारियों एवं नागरिकों को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने बताया कि वन नेशन–वन इलेक्शन से देश में समय, धन और प्रशासनिक संसाधनों की बड़ी बचत होगी, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सूरत का कपड़ा व्यापारी वर्ग इस राष्ट्रीय पहल के समर्थन में एकजुट होकर अपनी सकारात्मक भूमिका निभा रहा है।




