
सूरत। सूरत के परवत पाटिया क्षेत्र में रहने वाले कपड़ा व्यापारी रूपेश रामस्वरूप राठी (उम्र 39 वर्ष) ने दो व्यापारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देंने का मामला वराछा पुलिस थाने में दर्ज करवाया है आरोपियों ने विश्वास में लेकर कपड़े का माल खरीदा और बकाया भुगतान नहीं किया।पेमेंट की मांग करने पर धमकियां देने लगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मूल बासनी जोधपुर निवासी एवं परवत पाटिया सम्राट स्कूल के सामने स्थित सम्राट टाउनशिप में रहने वाले रूपेश राठी पिछले तीन वर्षों से न्यू बॉम्बे मार्केट के सामने स्थित ग्लोबल मार्केट में “गारमेंट्स फैब्रिक्स” नाम से होलसेल कपड़े का व्यापार कर रहे हैं। वर्ष 2024 के जुलाई माह में उनकी पहचान पंकज अग्रवाल और रीकल पंकज अग्रवाल( निवासी: बी विंग स्टाइल होम हाइट परवत देवध गांव सूरत)से हुई, जिन्होंने खुद को “श्री श्याम टेक्सटाइल”, यूनिट–43, सोसा–119, सेक्टर नंबर–2, चारकोप, कांदिवली (वेस्ट), मुंबई का व्यापारी बताया।
आरोप है कि दोनों ने अपनी साख बताते हुए बताया कि सूरत के कई व्यापारियो से कपड़ा खरीदने व समय पर भुगतान की रसीदें दिखाईं और समय पर भुगतान का भरोसा दिलाया। इसी भरोसे पर 5 अगस्त 2024 से 10 जून 2025 के बीच करीब 3 करोड़ रुपये का कपड़ा ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भेजा गया। इसमें से आरोपियों ने 2 करोड़ 30 लाख रुपये किश्तों में चुकाए, लेकिन 4 जुलाई 2025 के बाद भुगतान बंद कर दिया। बकाया पेमेंट का तकादा करने पर अलग अलग बहाने बना समय व्यतीत किया। लगातार तकाजे के बाद आरोपियों ने खाते में रकम न होने के बावजूद चेक दिए, जो बाउंस हो गए। जब बकाया 60 लाख रुपये चुकाने के लिए फोन किया गया तो आरोपियों ने अपशब्द कहे, मारपीट की धमकी दी और “बॉम्बे के गुंडे बुलाकर जान से मार देने” की धमकी भी दी।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि उनके पास कपड़े की बिक्री से जुड़े पक्के जीएसटी बिल और ई-वे बिल मौजूद हैं, जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामले की जांच पुलिस सब-इंस्पेक्टर वी.ए.चौधरी कर रहे है




