भारत व्यापार महोत्सव 2026 — जहाँ भारत व्यापार करता है, नवाचार करता है और विश्व का नेतृत्व करता ह-सांसद प्रवीन खंडेलवाल

भारत का अब तक का सबसे बड़ा और पहली बार आयोजित होने वाला अपने-आप में अनूठा भारतीय व्यापार एक्सपो — भारत व्यापार महोत्सव 2026, 1 मई से 4 मई 2026 तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव भारत के व्यापार और उद्योग जगत में एक ऐतिहासिक एवं परिवर्तनकारी क्षण सिद्ध होगा तथा एक ही मंच पर भारतीय व्यापार, विनिर्माण और सेवाओं की शक्ति, व्यापकता, विविधता और नवाचार को राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगा।
इस मेगा प्रदर्शनी का आयोजन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा देशभर की हजारों व्यापारिक फेडरेशनों, संगठनों और चैंबर्स के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल और आत्मनिर्भर भारत के विज़न को आगे बढ़ाते हुए, भारत व्यापार महोत्सव को एक समग्र भारतीय व्यापार एक्सपो के रूप में परिकल्पित किया गया है, जो भारतीय वस्तुओं और सेवाओं की प्रदर्शनियों के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित करने जा रहा है।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि भारत व्यापार महोत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि एक रणनीतिक व्यापार आंदोलन है। अत्याधुनिक तकनीक के व्यापक उपयोग के साथ इस आयोजन में डिजिटल रजिस्ट्रेशन, एआई आधारित बिजनेस मैचमेकिंग, स्मार्ट प्रदर्शनी लेआउट और टेक्नोलॉजी-संचालित B2B नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को सहज और सार्थक व्यावसायिक अवसर प्राप्त होंगे।देश भर से लगभग 10 लाख से अधिक लोगों के इस महोत्सव को देखने की संभावना है।महोत्सव में विभिन्न भारतीय उत्पादों के 2 हज़ार से अधिक प्रदर्शनी स्टाल लगेंगे।

उन्होंने कहा कि घरेलू एवं वैश्विक व्यापार विस्तार हेतु मजबूत B2B फोकस इस महोत्सव की मूल आत्मा है। इस मंच के माध्यम से भारतीय व्यापारी और निर्माता खरीदारों, निवेशकों, निर्यातकों, आयातकों, नीति-निर्माताओं तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों से सीधे जुड़ सकेंगे।
श्री खंडेलवाल ने बताया कि एक्सपो को 8 विषयगत व्यापारिक जोनों में विभाजित किया गया है, जो भारतीय व्यापार और उद्योग के प्रमुख क्षेत्रों को समर्पित होंगे। भारत व्यापार महोत्सव की एक विशिष्ट विशेषता इसकी एंड-टू-एंड प्रोडक्ट डिस्प्ले प्रणाली है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक उत्पाद श्रेणी को कच्चे माल से लेकर विनिर्माण, तैयार उत्पाद, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स और सहायक सेवाओं सहित एक ही स्थान पर प्रदर्शित किया जाएगा।यह समेकित दृष्टिकोण आगंतुकों को पूरी आपूर्ति श्रृंखला का 360-डिग्री दृश्य प्रदान करेगा, जिससे साझेदारी, सोर्सिंग और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।
भारत व्यापार महोत्सव में देश के सभी राज्यों से व्यापारी, निर्माता, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमी और सेवा प्रदाता भाग लेंगे। उत्पादों के साथ-साथ लॉजिस्टिक्स, फिनटेक, ई-कॉमर्स समाधान, निर्यात सुविधा, डिज़ाइन, ब्रांडिंग और टेक्नोलॉजी सेवाओं का भी व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा।
भारत को एकीकृत राष्ट्रीय बाज़ार के रूप में प्रस्तुत करते हुए यह महोत्सव आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल की भावना को सशक्त करेगा तथा भारत को एक भरोसेमंद वैश्विक व्यापार भागीदार के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
श्री खंडेलवाल ने यह भी कहा कि प्रदर्शनी के साथ-साथ यह आयोजन ज्ञान और नीति संवाद का भी एक प्रमुख मंच बनेगा। इसके अंतर्गत व्यापार सम्मेलन, सेक्टोरल कॉन्फ्रेंस, सरकारी नीति संवाद, बायर-सेलर मीट्स, स्टार्टअप एवं नवाचार शोकेस, कौशल विकास और तकनीकी प्रदर्शन जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने कहा की भारत व्यापार महोत्सव 2026 भारतीय व्यापार की शक्ति, संभावनाओं और वैश्विक नेतृत्व का भव्य उत्सव होगा।




