राजस्थान गौड़ ब्राह्मण संघ क्रिकेट लीग–3 का सफल आयोजन

सूरत।राजस्थान गौड़ ब्राह्मण संघ द्वारा आयोजित क्रिकेट लीग–3 का आयोजन रविवार, 28 दिसम्बर 2025 को जी.बी. पटेल ग्राउंड, भेस्तान में अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं सफलता के साथ सम्पन्न हुआ। समाज के युवाओं में खेल भावना, एकता एवं आपसी सद्भाव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों एवं समाजजनों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की आरती एवं हवन–पूजन के साथ की गई। इस अवसर पर विशेष रूप से विधायक श्रीमती संगीता पाटील सहित समाज के वरिष्ठ अग्रज एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। वरिष्ठ अग्रणियों द्वारा युवाओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए जीवन में अनुशासन, एकता और खेल भावना का महत्व बताया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डी.एच. गौड़ (डीएसपी, वेस्टर्न रेलवे), झड. आर. देसाई साहेब (ए.सी.पी., सूरत “एच” डिवीजन) तथा पी.के. शर्मा (स्टेशन अधीक्षक, रेलवे – सूरत) की गरिमामयी उपस्थिति रही। फोस्टा प्रमुख कैलाश हकीम ने भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर समाज को संबोधित किया और इस तरह के आयोजनों की सराहना की।
फाइनल मुकाबले में शिवचरण खेडवाल ने अपने नेतृत्व में टीम का शानदार प्रदर्शन कराते हुए ट्रॉफी अपने नाम की और लीग–3 का खिताब जीतकर समाज का गौरव बढ़ाया।
आयोजन की सफलता पर प्रमुख मार्गदर्शक सज्जन महर्षि सहित आयोजन समिति ने सभी सहयोगकर्ताओं, युवाओं एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन में खेल, अनुशासन और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला।




