
सूरत।अडाजण क्षेत्र में रहने वाले एक कपड़ा व्यापारी के साथ साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। ठगों ने फर्जी डिजिटल कस्टमर केयर बनकर व्यापारी के मोबाइल पर APK फाइल भेजी, जिसे डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद व्यापारी के व्यवसायिक बैंक खाते से तीन दिनों के भीतर 12 अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर करीब 29 लाख रुपये निकाल लिए गए। मामले की शिकायत साइबर क्राइम सेल में दर्ज कराई गई है।
सायबर क्राइम सेल से मिली जानकारी के अनुसार, अडाजण स्थित ब्लू स्पर्श बिल्डिंग में रहने वाले ईश्वरलाल जानकीदास कृष्णानी दिल्ली गेट के श्री कुबेरजी टेक्सटाइल पार्क-1 में “श्री अंबे टेक्सटाइल” नाम से व्यापार करते हैं। उनके व्यवसाय का संचालन कोटक महिंद्रा बैंक खाते के माध्यम से होता है, जिसका लेन-देन उनके काका विष्णुभाई संभालते हैं।
16 दिसंबर को ट्रांसपोर्ट की आवश्यकता होने पर विष्णुभाई ने गूगल पर ट्रांसपोर्ट सेवा सर्च की, जहां से मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने खुद को डिजिटल कस्टमर केयर से जुड़ा बताया और ई-वे बिल बनाने के बहाने GST नंबर मांगा। इसके लिए व्हाट्सएप पर भेजी गई एक APK फाइल डाउनलोड करने को कहा गया। फाइल डाउनलोड व प्रोसेस करते ही मोबाइल हैक हो गया।
कुछ समय बाद जब बैंक से जमा किया गया चेक रिटर्न हुआ, तब बैंक स्टेटमेंट जांचने पर ठगी का खुलासा हुआ। तीन दिनों में 12 बार ट्रांजेक्शन कर 29 लाख रुपये निकाले जा चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।



