
सूरत। आज दिनांक 26/11/2025 को सूरत शहर कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष विपुल उधना वाला की अध्यक्षता में सूरत कलेक्टर से मुलाकात कर SIR (मतदाता सूची के सारांश संशोधन) प्रक्रिया में जनता को पड़ रही गंभीर समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर विस्तृत आवेदनपत्र सौंपा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया में चुनाव आयोग की कई अस्पष्टताओं के कारण मतदाताओं में भारी भ्रम और असुविधा फैली हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि एक ही मकान या सोसायटी में रहने वाले मतदाताओं के मतदान केंद्र अलग-अलग हैं, जबकि कई के क्षेत्रों में भी विसंगति है, जिससे SIR प्रक्रिया में उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।कांग्रेस ने 2002 से पहले दर्ज मतदाताओं के फॉर्म न मिलने, विवाह या स्थान परिवर्तन के बाद फॉर्म पुराने पते पर ही जाने, नाम और सरनेम की गलत स्पेलिंग से पैदा हुई गड़बड़ियों पर भी गंभीर चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सत्ताधारी दल के विधायकों के कार्यालयों से बिना प्रमाण के ढेरों फॉर्म BLO को सौंपे जा रहे हैं, जो एकतरफा और गैरकानूनी कार्रवाई है तथा इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।

परप्रांतीय मतदाताओं के अलग-अलग राज्यों में दर्ज नामों को लेकर भी कांग्रेस ने उचित सत्यापन और एक नाम अंतिम रूप से दर्ज करने की जरूरत बताई। इसके अलावा अनेक मतदाताओं को BLO द्वारा फॉर्म न मिलने, ऑनलाइन प्रक्रिया में ‘सेशन एक्सपायर’ जैसी तकनीकी त्रुटियों के चलते आवेदन सबमिट न होने तथा 2002 की मतदाता सूची में नाम न मिलने जैसी गंभीर समस्याओं को तत्काल दूर करने की मांग की।कांग्रेस ने कलेक्टर से आग्रह किया कि SIR प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाए, ताकि कोई भी नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।



