महावीर इंटरनेशनल की नई अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने ली शपथ
वीर सी.ए.अनिल जैन बने अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष, वीर सोहन वैद्य महासचिव व वीर सुधीर जैन कोषाध्यक्ष

जयपुर। ‘सबको प्यार, सबकी सेवा, जियो और जीने दो’ के आदर्श वाक्य के साथ समाजसेवा के लिए समर्पित संस्था महावीर इंटरनेशनल की 2025-27 कार्यकाल हेतु नवगठित अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गत गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर वीर सी.ए. अनिल जैन ने अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष, वीर सोहन वैद्य ने महासचिव तथा वीर सुधीर जैन ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। शपथ दिलाने का कार्य फिलिपींस में भारत के राजदूत हर्षकुमार जैन (आईएफएस) तथा कोलकाता के उद्योगपति विनोद दुग्गड़ ने संयुक्त रूप से किया।
इसके अतिरिक्त 11 अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 10 रीजन महासचिव, विभिन्न प्रकोष्ठों के 11 अंतर्राष्ट्रीय निदेशक तथा 28 जोन चेयरमैन सहित अन्य पदाधिकारियों को शपथ अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सी.ए. अनिल जैन द्वारा दिलाई गई।
अपने संबोधन में वीर अनिल जैन ने सभी सदस्यों से कहा कि वे सेवा कार्यों में पूर्ण समर्पण एवं निष्ठा के साथ जुटें। उन्होंने आह्वान किया कि संस्था की प्रत्येक शाखा एक गाँव को गोद लेकर वहाँ के जरूरतमंदों की सेवा में योगदान दे।
महासचिव वीर सोहन वैद्य ने कहा कि महावीर इंटरनेशनल ऐसी संस्था है जिसमें केवल भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के किसी भी देश का व्यक्ति, जो भगवान महावीर के सिद्धांतों पर चलना चाहता है, सदस्य बन सकता है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्योगपति विनोद दुग्गड़ तथा साहित्यकार डॉ. रमेश निर्मल बम्ब ने प्रेरक उद्बोधन दिया।
अंतर्राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वीर सुधीर जैन ने जानकारी दी कि संस्था के वर्तमान में 350 सेंटर हैं तथा 10,000 से अधिक सदस्य विभिन्न सेवा गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन वीरा शिल्पा जैन एवं वीरा सारिका अग्रवाल ने किया।




